KNEWS DESK-अगर रोज-रोज पोहा, पराठा, चीला या सैंडविच खाकर आप भी बोर हो चुके हैं, तो नाश्ते में कुछ नया ट्राई किया जा सकता है। साउथ इंडियन स्टाइल की सेवई उपमा एक ऐसा ही स्वादिष्ट और आसान विकल्प है, जिसे तैयार करने में ज्यादा समय नहीं लगता। इसे वर्मिसेली उपमा के नाम से भी जाना जाता है।

सेवई के साथ इसमें गाजर, बीन्स, मटर, प्याज, टमाटर और कई मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। ऊपर से भुनी हुई मूंगफली डालने से इसका स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं। सुबह के समय गरमा-गरम सेवई उपमा नाश्ते के लिए एक बढ़िया विकल्प हो सकता है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी।
सेवई उपमा बनाने के लिए सामग्री
- बारीक सेवई – 2 कप
- रिफाइंड तेल – 2 टेबल स्पून
- सरसों के दाने – 1 टीस्पून
- जीरा – 1 टीस्पून
- उड़द दाल – 1 टेबल स्पून
- हरी मिर्च – 2, लंबाई में कटी हुई
- करी पत्ता – 9-10
- प्याज – 1, स्लाइस में कटा हुआ
- बीन्स – ½ कप, टुकड़ों में कटी हुई
- गाजर – ½ कप, टुकड़ों में कटी हुई
- मटर – ½ कप
- टमाटर प्यूरी – ½ कप
- हल्दी पाउडर – ½ टीस्पून
- नमक – स्वादानुसार
- भुनी हुई मूंगफली – 2 टेबल स्पून
- पानी – 2½ कप
अगर आप ज्यादा लोगों के लिए सेवई उपमा तैयार कर रहे हैं, तो उसी अनुपात में सभी सामग्री की मात्रा बढ़ा लें। इससे उपमा का स्वाद और कंसिस्टेंसी सही बनी रहेगी।
सेवई उपमा बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक कड़ाही को गर्म करें और उसमें बारीक सेवई डालें। इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए करीब 3 से 4 मिनट तक भूनें। जब सेवई हल्की गोल्डन ब्राउन हो जाए, तो इसे एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें।
- अब उसी कड़ाही में रिफाइंड तेल डालकर गर्म करें। इसमें उड़द दाल, सरसों के दाने और जीरा डालें और इन्हें चटकने दें। इसके बाद कटी हुई हरी मिर्च और करी पत्ता डालें। अब इसमें स्लाइस किया हुआ प्याज डालकर करीब 1 से 2 मिनट तक भूनें।
- प्याज हल्का भुन जाने के बाद इसमें हल्दी पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें। इसके बाद कटी हुई गाजर, बीन्स और मटर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। सब्जियों को करीब 3 से 4 मिनट तक पकाएं, ताकि वे अच्छी तरह नरम हो जाएं।
- अब इसमें टमाटर प्यूरी डालें और साथ ही 2½ कप पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक पानी में अच्छी तरह उबाल न आ जाए।
- पानी में उबाल आने के बाद इसमें पहले से भुनी हुई सेवई डाल दें। सेवई को पानी और सब्जियों के साथ अच्छी तरह मिलाएं। अब कड़ाही को ढककर करीब 5 से 6 मिनट तक पकाएं। इसे तब तक पकाना है, जब तक सेवई अच्छी तरह गल जाए और पानी पूरी तरह सूख जाए।
- जब सेवई उपमा तैयार हो जाए, तो गैस बंद कर दें। इसे सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से भुनी हुई मूंगफली डालकर गार्निश करें।
- गरमा-गरम सेवई उपमा अब सर्व करने के लिए तैयार है। सुबह के नाश्ते में इसे चाय या अपनी पसंद के किसी पेय के साथ परोसा जा सकता है।