भारत में बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन, 489 KM लंबी होगी बिलासपुर-लेह रेललाइन

KNEWS DESK– भारत में एक महत्वाकांक्षी रेलवे परियोजना की योजना तैयार है, जो हिमालय के दुर्गम इलाकों को रेल नेटवर्क से जोड़ सकती है। प्रस्तावित बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन करीब 489 किलोमीटर लंबी होगी और इसमें 62 सुरंगें बनाने की योजना है। परियोजना की खास बात यह है कि लद्दाख में समुद्र तल से करीब 17,244 फीट की ऊंचाई पर टेंगला के पास रेलवे स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। यदि इसका निर्माण तय ऊंचाई पर होता है, तो यह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन बन सकता है।

फिलहाल दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का रिकॉर्ड चीन के तंगगुला रेलवे स्टेशन के नाम है, जो करीब 16,627 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। प्रस्तावित भारतीय स्टेशन इससे लगभग 188 मीटर ऊंचा होगा। बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर को मनाली के रास्ते लद्दाख के लेह से जोड़ना है। इससे दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में रेल संपर्क बढ़ेगा और स्थानीय लोगों, पर्यटकों तथा सुरक्षा बलों को फायदा मिल सकता है। सर्दियों में बर्फबारी और खराब मौसम के कारण सड़क संपर्क प्रभावित होने की स्थिति में रेल नेटवर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

परियोजना पर करीब 1.31 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। रेल मंत्रालय इसका सर्वे पूरा कर चुका है और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट यानी DPR भी तैयार हो चुकी है। हालांकि, निर्माण शुरू करने के लिए अभी जरूरी सरकारी मंजूरियां बाकी हैं। हिमालय की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचाई, बर्फबारी, कम तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के कारण इस परियोजना का निर्माण बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। मंजूरी और निर्माण पूरा होने के बाद ही यह तय होगा कि भारत दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन बनाने का रिकॉर्ड हासिल कर पाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *