KNEWS DESK- बिहार के सरकारी स्कूलों में अब फर्जी हाजिरी पर रोक लगाने के लिए डिजिटल निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। शिक्षा विभाग ऐसी तकनीक लागू करने की तैयारी कर रहा है, जिसमें शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करते समय चेहरे, आंख की पुतली और मोबाइल की लोकेशन का सत्यापन किया जाएगा। इससे किसी दूसरे व्यक्ति के जरिए हाजिरी लगवाने और स्कूल से बाहर रहकर उपस्थिति दर्ज करने की कोशिशों पर रोक लग सकेगी।
प्रस्तावित व्यवस्था में शिक्षक को मोबाइल पर शिक्षा विभाग का अटेंडेंस ऐप खोलकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ‘कैप्चर अटेंडेंस’ विकल्प के जरिए फ्रंट कैमरे से चेहरा स्कैन किया जाएगा। फेस रिकॉग्निशन तकनीक से चेहरे का मिलान विभाग के पास मौजूद पंजीकृत डाटा से होगा। इसके बाद आइरिस स्कैन के जरिए आंख की पुतली के विशिष्ट पैटर्न का सत्यापन किया जाएगा। इस प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद भी ली जा सकती है।
हाजिरी के दौरान मोबाइल का GPS भी शिक्षक की वास्तविक लोकेशन की जांच करेगा। यानी शिक्षक को स्कूल परिसर में मौजूद रहकर ही उपस्थिति दर्ज करनी होगी। नई व्यवस्था में स्कूल पहुंचने और वहां से निकलने, दोनों समय की उपस्थिति दर्ज करने का प्रस्ताव है। IN Attendance में चेहरा, आंख और लोकेशन का सत्यापन होगा, जबकि OUT Attendance के समय दोबारा जांच की जाएगी।
बिहार में फिलहाल सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की डिजिटल उपस्थिति ई-शिक्षाकोष ऐप के माध्यम से दर्ज की जाती है। शिक्षा विभाग का उद्देश्य डिजिटल निगरानी के जरिए शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करना है।