Bigg Boss 20: काजी तौकीर के फीमेल गेटअप से शुरू हुई मस्ती, मनीष गोयल पर लगाए ‘गलत तरीके से छूने’ के आरोप

बिग बॉस 20 के घर में मस्ती-मजाक के दौरान काजी तौकीर और मनीष गोयल के बीच विवाद हो गया। काजी ने मनीष पर उन्हें वॉशरूम ले जाने की कोशिश करने और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया। वहीं मनीष ने इन आरोपों पर नाराजगी जताते हुए काजी पर ‘वुमन कार्ड’ खेलने का आरोप लगाया।

Knews Desk – बिग बॉस 20 के घर में हर दिन नए विवाद और ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में घर में हंसी-मजाक के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने कुछ ही देर में गंभीर रूप ले लिया। सिंगर और कंटेस्टेंट काजी तौकीर ने घर में महिला का गेटअप लेकर घरवालों का मनोरंजन करने की कोशिश की, लेकिन मनीष गोयल के साथ हुई मस्ती के बाद दोनों के बीच विवाद खड़ा हो गया।

बिग बॉस 20 के नए प्रोमो में काजी तौकीर महिला के गेटअप में नजर आए। उन्होंने लहंगा-चोली पहना और सिर पर लाल दुपट्टा ओढ़कर घर में एंट्री की। काजी के इस अंदाज को देखकर घर के सदस्य हंसने लगे और हूटिंग कर उनका उत्साह बढ़ाया। टीवी एक्ट्रेस माही विज ने काजी को ‘हीरोइन’ तक कह दिया। काजी भी अपने इस गेटअप को एंजॉय करते हुए घरवालों के साथ मस्ती करते और अदाएं दिखाते नजर आए।

इसी दौरान मनीष गोयल भी काजी के साथ मस्ती करने लगे। काजी के उन्हें छेड़ने पर मनीष ने भी मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। इसके बाद मनीष ने काजी को अपनी बाहों में उठाया और उनके साथ डांस किया। घर के बाकी सदस्य दोनों की इस मस्ती को देखकर हंसते रहे।

इसके बाद मामला तब बदल गया, जब मनीष गोयल काजी को खींचकर वॉशरूम की तरफ ले जाने की कोशिश करते नजर आए। शुरुआत में यह सब मजाक का हिस्सा लगा, लेकिन बाद में काजी ने इस पर आपत्ति जताई और मनीष पर गंभीर आरोप लगाए।

लिविंग एरिया में घरवालों के सामने काजी ने मनीष से कहा, “मनीष भाई, सबकी नजर आज आपके ऊपर थी, जो आपने हरकत की मेरे साथ। वॉशरूम क्यों लेकर जा रहे थे मुझे?” मनीष ने इस पर सवाल किया कि क्या वह उन्हें लेकर गए थे। काजी ने जवाब दिया कि अगर वह उन्हें नहीं रोकते तो मनीष उन्हें वॉशरूम लेकर चले जाते।

काजी ने माही विज के सामने भी अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि मनीष उनके ऊपर झपटे थे। उन्होंने मनीष से कहा कि उन्होंने मुंह से मस्ती की थी, जबकि मनीष ने हाथों से मस्ती की। इसी बहस के दौरान काजी ने कहा, “मेरे अंदर एक औरत आई थी। आपने औरत पकड़ ली।”

काजी की बातों पर मनीष गोयल भड़क गए। उन्होंने कहा कि जब काजी खुद मस्ती करते हैं तो सब ठीक रहता है, लेकिन जब कोई उनके साथ उसी तरह मस्ती करता है तो उन्हें परेशानी होने लगती है। मनीष ने यह भी कहा कि वह महिलाओं की दिल से इज्जत करते हैं और उन पर इस तरह का आरोप नहीं लगाया जाना चाहिए।

बाद में मनीष गोयल ने बेडरूम में माही विज के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि काजी उनके साथ गलत तरीके से बात कर रहे हैं और उनके साथ बेवजह ‘वुमन कार्ड’ खेलने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।

प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस विवाद को लेकर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग काजी तौकीर का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ दर्शक मनीष गोयल के पक्ष में नजर आ रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी हो रही है कि क्या यह पूरा मामला मनीष को गेम में एक्टिव करने के लिए काजी तौकीर का कोई प्लान था।

कुछ लोगों का दावा है कि काजी ने मनीष को गेम में एक्टिव करने के लिए यह पूरा प्लान बनाया था और माही विज ने भी इसमें उनका साथ दिया। हालांकि, यह दावा सोशल मीडिया पर चल रही चर्चा पर आधारित है। इस पूरे मामले की वास्तविक स्थिति आने वाले एपिसोड में ही स्पष्ट होगी। अब दर्शकों की नजर वीकेंड का वार पर है, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि सलमान खान इस विवाद पर मनीष और काजी से क्या कहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *