गुरुग्राम में गैंगवार, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर अशोक राठी गैंग के शूटर दीपू की हत्या

KNEWS DESK- गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिनदहाड़े गैंगवार की वारदात सामने आई है। कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी गैंग के सक्रिय शूटर दीपक उर्फ दीपू की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने सिधरावली गांव के सामने उसकी कार को ओवरटेक कर रोका और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में दीपू की मौके पर ही मौत हो गई।

कार रोककर बदमाशों ने की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, दीपू स्विफ्ट कार से कहीं जा रहा था और बदमाश दूसरी गाड़ी से उसका पीछा कर रहे थे। सिधरावली गांव के सामने दीपू ने अपनी कार सर्विस लेन पर ले ली। इसी दौरान बदमाशों ने ओवरटेक कर उसकी कार को रोका और गोलियां बरसा दीं। अचानक हुए हमले में दीपू को बचने या भागने का मौका नहीं मिला।

करीब 20 राउंड चली गोलियां

पुलिस को मिले शुरुआती इनपुट के मुताबिक बदमाशों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की, जिसमें लगभग 15 गोलियां दीपू को लगीं। पुलिस के अनुसार, दीपू ने सीट बेल्ट लगा रखी थी और उसका शव ड्राइविंग सीट पर ही मिला। कार के अंदर भी खून फैला हुआ था।

सुषमा हत्याकांड में भी आया था नाम

दीपक उर्फ दीपू को अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य और मुख्य शूटर बताया जा रहा है। अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या के मामले में भी दीपू का नाम सामने आया था। वारदात के बाद गुरुग्राम पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पुरानी रंजिश और गैंगवार समेत सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान के लिए हाईवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *