नरेला में दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, पटाखे की चपेट में आकर 10 साल के बच्चे ने गंवाई जान

KNEWS DESK- दिवाली की खुशियां दिल्ली के नरेला में एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। बाहरी दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में रविवार रात पटाखे की चपेट में आने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

बताया जा रहा है कि पूजा-पाठ के बाद परिवार में आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान बच्चा भी पटाखे जला रहा था। परिजनों के मुताबिक, बच्चा रॉकेट चला रहा था, तभी रॉकेट की दिशा बदलकर उसकी तरफ आ गया और पेट में जा लगा। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जानकारी में पटाखे के हाथ में फटने की बात भी सामने आई थी।

हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्चे को राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि बेटे की मौत की खबर सुनकर उसके पिता की तबीयत भी बिगड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, दीपावली के दौरान पटाखों से हुए हादसों का असर AIIMS दिल्ली में भी सामने आया। 9 नवंबर सुबह 11 बजे तक दिवाली से संबंधित जलने और चोटों के 42 मरीज अस्पताल पहुंचे, जिनमें 37 पटाखों से जलने के मामले थे। 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे, जिनमें 4 ICU और 7 वार्ड में भर्ती हुए। 31 मरीजों को मामूली चोटें आईं और 5 मरीजों का ऑपरेशन किया गया। फिलहाल AIIMS में 8 मरीज भर्ती हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *