दिवाली के बाद दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। राजधानी में कई इलाकों का AQI 400 के आसपास पहुंच गया है, जबकि घने स्मॉग के कारण दृश्यता भी प्रभावित हुई। इसी बीच कांग्रेस नेता अजय माकन ने 39 में से 25 प्रदूषण निगरानी स्टेशनों पर PM2.5 का डेटा दर्ज नहीं होने का दावा किया है। आम आदमी पार्टी ने भी सरकार पर AQI के आंकड़ों में हेरफेर का आरोप लगाते हुए कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 3000 के पार होने का दावा किया है।
Knews Desk – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के डेटा का हवाला देते हुए दावा किया कि 8-9 नवंबर की रात 2 बजे से 3 बजे के बीच दिल्ली के 39 प्रदूषण निगरानी स्टेशनों में से 25 पर PM2.5 की कोई रीडिंग दर्ज नहीं हुई। माकन ने उन 25 स्टेशनों की सूची भी साझा की, जहां इस दौरान डेटा उपलब्ध नहीं था।
माकन के मुताबिक, जिन 9 स्टेशनों पर दोनों दिवाली रातों के लिए डेटा उपलब्ध था, वहां रात 2 बजे से 3 बजे के बीच PM2.5 का औसत स्तर 576 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रहा। उनके अनुसार यह WHO की 24 घंटे की सीमा से 38.4 गुना अधिक है। पिछली दिवाली पर इन्हीं स्टेशनों पर इसी समय PM2.5 का औसत स्तर 562 µg/m³ था।
रात बढ़ने के साथ PM2.5 का स्तर भी बढ़ा
माकन द्वारा साझा आंकड़ों के अनुसार, दिवाली की रात शाम 6 बजे PM2.5 का औसत स्तर 141 µg/m³ था, जबकि पिछली दिवाली पर यह 107 µg/m³ था। रात 7 बजे यह 181 µg/m³ और रात 8 बजे 265 µg/m³ दर्ज किया गया। रात 9 बजे PM2.5 का औसत स्तर 403 µg/m³ तक पहुंच गया।
रात 10 बजे यह स्तर 506 µg/m³, रात 11 बजे 515 µg/m³ और रात 12 बजे 610 µg/m³ तक पहुंच गया। रात 1 बजे यह 597 µg/m³ रहा, जबकि रात 2 बजे यह 576 µg/m³ दर्ज किया गया।
दिल्ली के प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी ने भी सरकार पर सवाल उठाए हैं। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर किया जा रहा है और कई मॉनिटरिंग स्टेशन बंद किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के दूर-दराज और हरे-भरे इलाकों में नए AQI स्टेशन लगाए गए हैं।
भारद्वाज ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदूषित जगहों पर मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी का छिड़काव कर रीडिंग में हेरफेर किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में AQI 3000 के पार पहुंच गया है।
चेस्ट कंजेशन के चलते शैली ओबेरॉय अस्पताल में भर्ती
इसी बीच दिल्ली नगर निगम की पूर्व मेयर और आम आदमी पार्टी नेता शैली ओबेरॉय को चेस्ट कंजेशन के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल से उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिल्ली की हवा को लेकर चिंता जताई और बीजेपी सरकार पर प्रदूषण को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं करने का आरोप लगाया।
दिवाली के जश्न के एक दिन बाद सोमवार सुबह दिल्ली की हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी के करीब पहुंच गई। AQI 400 के स्तर को छू गया और राजधानी के कई हिस्सों में घना स्मॉग छाया रहा। कम दृश्यता के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
CPCB के अनुसार, गाजीपुर के आसपास AQI 418 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं अक्षरधाम के आसपास AQI 337 रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में है। दिल्ली के कई इलाकों में खराब हवा और घने स्मॉग के कारण लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं।