अयोध्या में 10वें दीपोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी राम के खिलाफ वकीलों की फौज खड़ी करते थे, आज वही लोग राम के अस्तित्व को स्वीकार कर रहे हैं। सीएम योगी ने अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या आने के ऐलान के बीच उन्हें राम भक्तों और संतों से माफी मांगकर अयोध्या आने की नसीहत दी।
Knews Desk– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज की अयोध्या त्रेता युग का स्मरण करा रही है और अयोध्या जीवंत होती दिख रही है। उन्होंने कहा कि श्रीराम भारत के आत्मसम्मान हैं। सीएम योगी ने अयोध्या के उस गौरव का भी जिक्र किया, जिसके लिए कारसेवकों और संतों ने बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि एक समय अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलती थीं, लाठियां चलती थीं और अत्याचार होता था।
कथा की मर्यादा को लेकर अखिलेश पर निशाना
सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब कुछ लोग कथाओं में जाते हैं तो उन्हें कथा की मर्यादा का भी पता नहीं होता और वे उसे मुशायरा समझ लेते हैं। उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या में अंकुश लगाया जाता था कि कोई आएगा नहीं और कोई जय श्रीराम बोलेगा नहीं। योगी ने कहा कि आज वे लोग, जो राम के खिलाफ वकीलों की फौज खड़ी करते थे, राम के अस्तित्व को स्वीकार कर रहे हैं और इसे उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कथाओं की अपनी मर्यादा और पवित्र परंपरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपनी उच्छृंखल वृत्ति के कारण राम की मर्यादा और कथा की पवित्रता को ध्यान में न रखकर उसे भी मुशायरे के दायरे में लाकर अपवित्र करने का प्रयास करते हैं।
योगी बोले- अयोध्या आएं, लेकिन माफी मांगकर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर हमला जारी रखते हुए कहा कि जिन लोगों ने राम भक्तों को अपमानित किया और राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, संतों का अपमान किया और उन पर लाठीचार्ज किया, वे अयोध्या जरूर आएं, लेकिन माफी मांगकर आएं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को राम भक्तों और संतों से एक बार माफी मांगनी चाहिए और अपने कृत्यों के लिए पश्चाताप करना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम सबके पालनहार हैं और सबके प्रति कृपालु हैं, इसलिए वे सभी को माफ करेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि अहंकारी सत्ता को समाप्त करने में प्रभु को कोई क्षण नहीं लगता और किसी के अहंकार व दंभ को नरक तक पहुंचाने में भी देर नहीं करते।
सीएम योगी आदित्यनाथ का यह बयान ऐसे समय आया है, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अयोध्या जाने का ऐलान किया है। अखिलेश यादव अयोध्या में हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे और इसके बाद राम मंदिर में प्रभु श्रीराम के दर्शन करेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव के भी अयोध्या पहुंचने की जानकारी सामने आई है।