कांग्रेस की महारैली पर BJP का तंज, सुधांशु त्रिवेदी बोले- विपक्ष के आरोपों के बीच गरीबी घटने के आंकड़े अहम

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली से पहले बीजेपी ने व्यापारी वर्ग के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गरीबी उन्मूलन को लेकर विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।

Knews Desk – दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस के नेतृत्व में होने वाली महारैली को लेकर बीजेपी ने हमला तेज कर दिया है। बीजेपी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस को व्यापारी विरोधी बताया। पार्टी ने एक व्यंग्यात्मक ग्राफिक साझा किया, जिसमें दुकानदारों को संबोधित करते हुए लिखा गया, “दुकानदार जी, नुकसान आपका, रैली हमारी।” इस पोस्ट में 1 नवंबर को बाजार बंद रहने और दिवाली से पहले रविवार को दुकान बंद होने से व्यापारियों को होने वाले नुकसान पर तंज कसा गया।

बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस को व्यापारी विरोधी बताया। साझा किए गए ग्राफिक को कांग्रेस की ओर से व्यापारी वर्ग को लिखे पत्र की तरह पेश किया गया था। इसमें व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा गया कि दिवाली से पहले रविवार को दुकान बंद रहेगी, नुकसान दुकानदार का होगा और रैली कांग्रेस की होगी।

सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस की महारैली पर उठाए सवाल

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “भारत में अराजकता उत्पन्न करने के अपने मंसूबों में नाकाम रहने के बाद, अपने बिगड़े दिल शहजादे को सुकून देने के लिए कांग्रेस पार्टी ने एक प्रहसन का आयोजन किया है, यानी मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया है। मगर एक जोरदार हकीकत विश्व बैंक की ओर से देश के सामने आई है।”

त्रिवेदी ने विश्व बैंक की 2025 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत ने 2011 से 2023 तक गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनके मुताबिक, एक समय भारत की 27 प्रतिशत से अधिक आबादी अत्यंत गरीबी में जीवन यापन कर रही थी, जबकि अब यह आंकड़ा घटकर 2.6 प्रतिशत रह गया है।

विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देकर क्या बोले बीजेपी सांसद?

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार, करीब 13-14 साल पहले भारत की 57 प्रतिशत आबादी की प्रतिदिन की आय 4.2 डॉलर से कम थी। उन्होंने दावा किया कि अब यह आंकड़ा घटकर 16 प्रतिशत रह गया है और 84 प्रतिशत लोगों की प्रतिदिन की आय भारतीय मुद्रा में लगभग 400 रुपये से अधिक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी और एनडीए सरकार देश के हर व्यक्ति का जीवन स्तर उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। त्रिवेदी ने दावा किया कि विश्व बैंक की रिपोर्ट ने भी इसे स्वीकार किया है।

त्रिवेदी ने कहा कि विश्व बैंक के आंकड़ों ने कांग्रेस की प्रस्तावित मॉक पार्लियामेंट पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ बीजेपी और एनडीए सरकार गरीबी हटाने के लिए प्रयासरत है, जबकि दूसरी तरफ राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने में नाकाम रहने के बाद अराजकता फैलाने में लगी है।

कांग्रेस की महारैली 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होनी है। रैली से पहले बीजेपी के इन बयानों के जरिए राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *