Knews Desk- उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ एक तस्वीर पोस्ट की और उन्हें टैग करते हुए लिखा, ‘कल एक नया सफर शुरू हुआ’। शादी के एक दिन बाद साझा की गई इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने फॉलोअर्स को अपनी जिंदगी के नए अध्याय की जानकारी दी।

यह घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट द्वारा उमर अब्दुल्ला और उनकी अलग रह रही पत्नी पायल अब्दुल्ला के तलाक पर सहमति जताने के करीब तीन महीने बाद सामने आया है। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि वह दोनों की शादी खत्म कर देगा। उस दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से रिश्ता समाप्त करने और सभी लंबित विवाद सुलझाने पर सहमति जताई थी। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने पर भी सहमति दी थी।

यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था। सुनवाई के दौरान दोनों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से विवाह समाप्त करने के लिए आवेदन दिया था।
वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि दोनों अपने मतभेद सुलझाने पर सहमत हो गए हैं। उमर अब्दुल्ला और पायल की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी और दोनों ने 1994 में शादी की थी। उनके दो बेटे जहीर और जमीर हैं। दोनों 2009 से अलग रह रहे थे। उमर अब्दुल्ला ने 2011 में अलग होने की घोषणा की थी।