दिल्ली और वाराणसी के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत 31 अक्टूबर को होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे दिल्ली और काशी के यात्रियों के लिए ऐतिहासिक दिन बताया है।
Knews Desk– दिल्ली-वाराणसी के बीच शुरू होने वाली देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नई ट्रेन से श्रद्धालुओं, पर्यटकों, युवाओं और व्यापारियों की यात्रा सुगम होगी। यह सेवा काशी, प्रयागराज और दिल्ली के बीच आस्था, परंपरा और आधुनिकता को जोड़ेगी।
ट्रेन में कुल 16 एसी कोच होंगे, जिनमें 11 एसी थर्ड टियर, चार एसी सेकंड टियर और एक एसी फर्स्ट क्लास कोच शामिल है। इसमें कुल 823 यात्रियों के सोने के लिए बर्थ उपलब्ध होंगी। ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में भी रुकेगी। इसका संचालन सप्ताह में छह दिन होगा। वाराणसी से दिल्ली जाते समय शनिवार और दिल्ली से वाराणसी जाते समय शुक्रवार को ट्रेन नहीं चलेगी।
वाराणसी से ट्रेन रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलकर सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यात्रा करीब नौ घंटे की होगी। ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। इसमें कवच सुरक्षा प्रणाली, ऑटोमैटिक दरवाजे, CCTV निगरानी और बायो वैक्यूम टॉयलेट जैसी सुविधाएं दी गई हैं।