शाहरुख खान की ‘किंग’ को मिला नया म्यूजिक डायरेक्टर, अनिरुद्ध रविचंदर की जगह संभालेंगे सचिन-जिगर

शादी की तैयारियों के बीच अनिरुद्ध रविचंदर के फिल्म से अलग होने की रिपोर्ट्स, 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होनी है शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’।

Knews Desk – शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, साउथ के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर अनिरुद्ध रविचंदर ने इस फिल्म से अपना नाम वापस ले लिया है। बताया जा रहा है कि अपनी शादी की तैयारियों के चलते उन्होंने यह फैसला किया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

अनिरुद्ध रविचंदर के फिल्म से अलग होने की खबरों के बीच मेकर्स ने म्यूजिक की जिम्मेदारी बॉलीवुड की चर्चित संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर को सौंप दी है। अब फिल्म के संगीत और बैकग्राउंड स्कोर पर यही जोड़ी काम करेगी। फिल्म की तैयारी और निर्माण का काम तय समय पर जारी रखने के लिए यह बदलाव किया गया है।

शादी की तैयारियों के बीच लिया फैसला

अनिरुद्ध रविचंदर बीते कुछ वर्षों में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और डिमांडिंग संगीतकारों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कई फिल्मों के संगीत और बैकग्राउंड स्कोर से पहचान बनाई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह अपनी निजी जिंदगी में नई शुरुआत की तैयारी कर रहे हैं और इसी वजह से उन्होंने ‘किंग’ से अलग होने का फैसला लिया है।

अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन की शादी को लेकर भी चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों 10 और 11 नवंबर को डेस्टिनेशन वेडिंग करने वाले हैं। इसके बाद 21 नवंबर 2026 को चेन्नई में ग्रैंड रिसेप्शन की तैयारी है।

शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म के जरिए सुहाना खान थिएट्रिकल डेब्यू करेंगी। इससे पहले वह ओटीटी पर अपनी शुरुआत कर चुकी हैं।

फिल्म में शाहरुख खान और सुहाना खान के अलावा राघव जुयाल, अनिल कपूर, सौरभ शुक्ला, जैकी श्रॉफ और जयदीप अहलावत नजर आएंगे। वहीं, रानी मुखर्जी समेत कई कलाकारों के कैमियो की भी चर्चा है। अब देखना होगा कि सचिन-जिगर की संगीतकार जोड़ी फिल्म के संगीत को किस अंदाज में तैयार करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *