पंचकूला के एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 8 वर्षीय छात्र पर KG की छात्रा को पत्थरों और गमले से पीटने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल बच्ची को PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है। परिजनों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
Knews Desk– हरियाणा के पंचकूला स्थित एक निजी स्कूल में KG की छात्रा पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 8 साल के छात्र ने बच्ची को बहाने से स्कूल की पहली मंजिल पर ले जाकर पत्थरों और गमले से हमला किया। घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
बच्ची के चाचा फाजिल के मुताबिक, आरोपी छात्र ने बच्ची से कहा कि उसके पिता बाहर बुला रहे हैं। इसके बाद वह उसे पहली मंजिल पर एक सुनसान जगह ले गया। आरोप है कि वहां छात्र ने बच्ची को लातों से मारा और पत्थरों तथा भारी गमले से उसके सिर और चेहरे पर वार किए। बच्ची के बेहोश होने के बाद भी उसे घसीटने और पत्थरों से चोट पहुंचाने का आरोप है। घटना के बाद परिजन बच्ची को तलाशते हुए स्कूल पहुंचे। बताया गया कि आरोपी छात्र ही उन्हें उस जगह ले गया, जहां बच्ची खून से लथपथ और बेसुध पड़ी थी।
सूचना मिलने पर सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले में स्कूल प्रबंधन और आरोपी छात्र के माता-पिता से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका सवाल है कि CCTV कैमरे लगे होने के बावजूद घटना पर समय रहते किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी। बच्ची को पहली मंजिल पर ले जाते समय शिक्षक या सुरक्षाकर्मी कहां थे और स्कूल स्टाफ को बच्ची के बारे में पहले जानकारी क्यों नहीं मिली।