‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम नविका कोटिया की टूटी सगाई, शादी से पहले माजेन मोदी से हुआ ब्रेकअप

नविका कोटिया और माजेन मोदी इस साल के अंत तक शादी करने वाले थे। दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। माजेन मोदी ने बयान जारी कर रिश्ते के टूटने की वजह बताई है।

Knews Desk – टीवी के मशहूर शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस नविका कोटिया की निजी जिंदगी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। नविका कोटिया और पुणे के बिजनेसमैन माजेन मोदी ने अपनी सगाई तोड़ दी है। दोनों इस साल के अंत तक शादी के बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन शादी से पहले ही उन्होंने अपने रास्ते अलग कर लिए। खबरों के मुताबिक, जुलाई 2026 में दोनों के बीच आपसी तालमेल की कमी के चलते ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद नविका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सगाई और गोल-धाणा समारोह की तस्वीरें भी हटा दी थीं।

सगाई टूटने की खबरों के बीच माजेन मोदी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दो अच्छे इंसान अपनी-अपनी जगह सही हो सकते हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि वे एक-दूसरे के लिए भी सही साथी साबित हों। माजेन के मुताबिक, दोनों को महसूस हुआ कि उनकी प्राथमिकताएं अलग-अलग थीं और शादी के लिए जरूरी आपसी तालमेल उनके बीच नहीं बन पा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सगाई तोड़ने का फैसला दोनों ने आपसी सहमति से लिया है और उनके भविष्य के लिए यही सही कदम है।

https://www.instagram.com/p/De6VZFNiKch/

नविका कोटिया ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उनकी और माजेन की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। दोनों करीब एक साल से एक-दूसरे को जानते थे। इसके बाद नविका की मुलाकात माजेन की मां से हुई और दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। पिछले साल नवंबर में दोनों का रोका हुआ था, जबकि इस साल जनवरी में गोल-धाणा समारोह आयोजित किया गया था। हालांकि, समय के साथ दोनों को अपनी सोच और प्राथमिकताओं में अंतर का एहसास हुआ और उन्होंने अलग होने का फैसला कर लिया।

https://www.instagram.com/p/De6VZFNiKch/?

सगाई टूटने के बाद माजेन मोदी का नाम एक्ट्रेस रितिका बडियानी के साथ भी जोड़ा जा रहा है। रितिका गुजरात के पोरबंदर की रहने वाली हैं और ‘एयरलिफ्ट’, ‘चमन बहार’ तथा दक्षिण भारतीय फिल्म ‘10 कल्पनाकल’ में नजर आ चुकी हैं। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हालांकि, दोनों के रिश्ते को लेकर किसी आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।

नविका कोटिया ने बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने ‘बा बहू और बेबी’ और ‘बालिका वधू’ जैसे टीवी शोज में काम किया। इसके अलावा वह श्रीदेवी की फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ में भी नजर आई थीं। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में माया के किरदार से भी उन्हें पहचान मिली। अब उनकी सगाई टूटने की खबर ने उनके प्रशंसकों का ध्यान खींचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *