जनगणना 2027: कानपुर में 10,467 कार्मिक संभालेंगे जिम्मेदारी, 16 नवंबर से ऑनलाइन स्वगणना

Knews Desk– कानपुर में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रेस वार्ता कर जनगणना कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में जनगणना की जिम्मेदारी 10,467 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को सौंपी गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गणना के दौरान कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए।

जनगणना के दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्वगणना की जाएगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। वहीं, 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण और छूटे हुए लोगों की गणना की जाएगी।

जनगणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के तहत लोगों से 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और जन्मस्थान से संबंधित जानकारी शामिल होगी। इससे पहले 22 मई से 20 जून 2026 तक पहले चरण में मकान सूचीकरण और आवासीय सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई गई थी। जिलाधिकारी ने नागरिकों से जनगणना में सही जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि जनगणना के नाम पर किसी के साथ बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी साझा न करें।

प्रशासन के अनुसार, जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत व्यक्तिगत अभिलेख गोपनीय रखे जाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति गणना से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *