त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। सात प्रतिष्ठानों की जांच की गई और 10 नमूने एकत्र किए गए। दो परिसरों में सुधार नोटिस जारी करने की सिफारिश की गई है।
Knews Desk– दिल्ली में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बेकरी निर्माण इकाइयों और खुदरा दुकानों के खिलाफ निरीक्षण अभियान चलाया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों की जांच करना है।
विभाग की टीमों ने ग्रेटर कैलाश-II, कैलाश कॉलोनी, कनॉट प्लेस, शकूरबस्ती, पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र और मायापुरी में स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल सात प्रतिष्ठानों की जांच हुई और कुकीज, बिस्कुट, पनीर, लो-फैट क्रीम, डार्क कंपाउंड, मेथी मठरी और मलाई सेव समेत खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लिए गए।
निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और निर्धारित खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन का आकलन किया गया। जांच के बाद पटपड़गंज स्थित हनी एंड डो (Honey & Dough) और मायापुरी स्थित सतगुरु एजेंसीज (Satguru Agencies) के परिसरों में सुधार नोटिस जारी करने की सिफारिश की गई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों को साफ-सुथरे तरीके से तैयार करना, सुरक्षित रखना और बेचना जरूरी है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान निरीक्षण और सैंपलिंग जारी रहेगी। दिल्ली सरकार ने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की है।