पटना के रामकृष्णनगर स्थित खेमनीचक सब्जी मंडी में तड़के करीब 4 बजे आग लग गई। आग की चपेट में आकर तीन दर्जन से अधिक दुकानें जल गईं। एक झोपड़ीनुमा होटल में रखे चार गैस सिलिंडर फटने से इलाके में दहशत फैल गई।
Knews Desk– बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार तड़के एक सब्जी मंडी में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। रामकृष्णनगर स्थित खेमनीचक सब्जी मंडी में सुबह करीब 4 बजे लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने देखते ही देखते बाजार के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में 50 से ज्यादा दुकानों के जलकर राख होने की खबर है। प्रभावित दुकानों में श्रृंगार, मोबाइल रिपेयरिंग और खान-पान से जुड़ी दुकानें शामिल हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। कई कारोबारियों ने अपना सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा।
आग के दौरान मंडी में स्थित एक झोपड़ीनुमा होटल में रखे चार गैस सिलिंडर एक के बाद एक धमाकों के साथ फट गए। इससे इलाके में दहशत फैल गई। आग की चपेट में आने से वहां खड़ी कई बाइकें भी जल गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 से 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आसपास के रिहाइशी इलाकों तक फैलने से रोका।
आग में छोटे कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ है। कई दुकानदारों की जीवनभर की कमाई राख हो गई, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल, आग लगने के कारणों और कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।