चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम बदल गया है। आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवात का असर देखने को मिल रहा है, वहीं ओडिशा में मूसलाधार बारिश, तेज हवाओं और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा में 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बुधवार को राज्य के दक्षिणी हिस्से में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
Knews Desk – ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि दक्षिणी ओडिशा के सभी जिले चक्रवात से प्रभावित हो सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर मलकानगिरि में देखने को मिलने की आशंका है। चक्रवात फिलहाल आंध्र प्रदेश में है और बुधवार दोपहर बाद इसके ओडिशा पहुंचने की संभावना जताई गई है। संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव कर्मियों के साथ जरूरी उपकरण तैनात किए गए हैं।
राज्य में कुल 313 राहत एवं बचाव दल तैनात किए गए हैं। इनमें ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) के 60, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के नौ और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के 244 दल शामिल हैं। दक्षिणी जिलों के कुछ इलाकों में पेड़ उखड़ने की खबरें मिली हैं, हालांकि मंत्री के मुताबिक, किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।
इन जिलों पर प्रशासन की खास नजर
सरकार ने गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरि और नबरंगपुर जिलों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। एहतियात के तौर पर राज्य के 30 में से 16 जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखे गए हैं।
प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित रखने के लिए 2,037 चक्रवात आश्रय स्थल तैयार किए हैं। यहां भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। कालाहांडी, कंधमाल और नुआपाड़ा जिलों में भी सतर्कता बरती जा रही है।
छह जिलों में रेड अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मलकानगिरि, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगड़ा, गजपति और कालाहांडी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम में लगातार बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है।
इसके अलावा बरगढ़, सोनपुर, बौध, नुआपाड़ा, बोलांगीर, कंधमाल, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
वहीं, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और बरगढ़ जिलों के लिए 29 अक्टूबर को भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।