स्पेन में एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है। सेंट्रल स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार सुबह दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में करीब 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। स्पेन के रेल नेटवर्क ऑपरेटर ADIF ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के बाद मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल लाइन पर यातायात रोक दिया गया है।
Knews Desk – स्पेनिश सरकारी प्रसारक TVE की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। रेनफे (Renfe) और इर्यो (Iryo) की ट्रेनें एक ही दिशा में जा रही थीं, तभी दोनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
पास के शहर उर्दा के मेयर मैनुअल गैलन ने TVE को बताया कि दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों की मदद के लिए सिविल प्रोटेक्शन अधिकारियों ने स्थानीय टाउन हॉल के एक स्पोर्ट्स पवेलियन को तैयार रखने के लिए कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर वहां लोगों को सहायता दी जा सके।
वहीं, पास के गांव लॉस येबेनेस के मेयर जीसस पेरेज ने हादसे को गंभीर बताया। कैस्टिला-ला मांचा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एमिलियानो गार्सिया-पेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि वह दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं।
मैड्रिड-अंडालूसिया रेल लाइन पर यातायात बंद
रेल नेटवर्क ऑपरेटर ADIF ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि दो ट्रेनों की टक्कर के बाद मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल लाइन पर रेल यातायात रोक दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों और घायलों की वास्तविक संख्या का पता लगाया जा रहा है। राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
नौ महीने पहले भी हुआ था बड़ा रेल हादसा
स्पेन में यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है, जब देश में पहले हुए एक बड़े रेल हादसे को लेकर रेलवे सुरक्षा और रखरखाव पर सवाल उठ चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब नौ महीने पहले कॉर्डोबा प्रांत के अदामुज के पास एक ट्रेन पटरी से उतरकर सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई थी। उस दुर्घटना में 46 लोगों की मौत हुई थी।
लगातार सामने आ रही रेल दुर्घटनाओं के बाद स्पेन में रेलवे के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हुई है। फिलहाल ताजा हादसे की जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।