Knews Desk – ‘सैयारा’ से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता अहान पांडे एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी अगली फिल्म ‘बेपरवाह’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है। इस फिल्म में वह अभिनेत्री शरवरी वाघ के साथ नजर आएंगे। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन अली अब्बास जफर कर रहे हैं, जबकि आदित्य चोपड़ा इसके निर्माता हैं।
फिल्म के पहले पोस्टर में अहान पांडे के हाथ में बंदूक दिखाई दे रही है, जबकि शरवरी वाघ गिटार पकड़े नजर आ रही हैं। पोस्टर में दोनों के चेहरे नहीं दिखाए गए हैं, जिससे उनके लुक को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म के डायलॉग में इश्क के बेपरवाह और बेइंतहा अंदाज की झलक मिलती है। इससे कहानी में रोमांस के साथ एक्शन का तड़का होने के संकेत मिलते हैं।
पहली बार साथ दिखेंगे अहान और शरवरी
‘बेपरवाह’ में अहान पांडे और शरवरी वाघ पहली बार एक साथ काम कर रहे हैं। अहान इससे पहले यशराज फिल्म्स की ‘सैयारा’ में नजर आए थे, जिसका निर्देशन मोहित सूरी ने किया था। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब उनकी नई फिल्म को लेकर भी फैंस के बीच उत्सुकता है।
फिल्म के पोस्टर पर ‘सैयारा’ की अभिनेत्री अनीत पड्डा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कमेंट में ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट’ लिखते हुए फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की।
मेकर्स ने ‘बेपरवाह’ की रिलीज डेट 26 मार्च घोषित की है। इस फिल्म के साथ निर्देशक अली अब्बास जफर भी यशराज फिल्म्स के साथ वापसी कर रहे हैं। इससे पहले वह इस बैनर के साथ ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर जिंदा है’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।
फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, रिपोर्ट्स में बॉबी देओल के भी फिल्म की कास्ट में शामिल होने की चर्चा है। अब दर्शकों को फिल्म के अगले पोस्टर और आधिकारिक अपडेट का इंतजार रहेगा।