रिलीज से पहले ही ‘रामायण’ का जलवा, भारत में 2 लाख से ज्यादा टिकट बिके

Knews Desk – नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म के पहले दिन के शो के लिए ब्लॉक सीटों सहित 11.44 करोड़ रुपये के टिकट बुक हो चुके हैं। वहीं, ब्लॉक सीटों को हटाकर एडवांस बुकिंग का आंकड़ा 9.22 करोड़ रुपये बताया गया है। खबर लिखे जाने तक ब्लॉक सीटों सहित 2.08 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके थे, जबकि ब्लॉक सीटों के बिना यह संख्या करीब 1.65 लाख थी।

एनसीआर में सबसे ज्यादा टिकटों की बुकिंग

फिल्म की एडवांस बुकिंग में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर सबसे आगे बताया गया है। यहां फिल्म के लिए 2.31 करोड़ रुपये के टिकट बुक हो चुके हैं। रिलीज से पहले ही मिल रहे इस रिस्पॉन्स से फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

भारत के अलावा विदेशी बाजारों में भी ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग अच्छी बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुनियाभर में ओपनिंग डे के लिए 20 लाख डॉलर से ज्यादा के टिकट बिकने का आंकड़ा सामने आया है, जिसकी कीमत भारतीय मुद्रा में करीब 19 करोड़ रुपये बताई गई है।

नॉर्थ अमेरिका में एडवांस बुकिंग 7.5 लाख डॉलर तक पहुंचने की बात कही गई है। इसमें प्रीमियर शो के लिए 5.5 लाख डॉलर के टिकट शामिल हैं। वहीं, ब्रिटेन में टिकटों की बिक्री 90 हजार डॉलर और ऑस्ट्रेलिया में 60 हजार डॉलर से ज्यादा बताई गई है।

फिल्म में कौन निभाएगा कौन-सा किरदार?

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, विवेक ओबेरॉय विद्युत्जिह्वा, कुणाल कपूर इंद्र, शीबा चड्ढा मंथरा, काजल अग्रवाल मंदोदरी, इंदिरा कृष्णन कौशल्या और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में दिखाई देंगी। वहीं, अनुपम खेर जटायु को अपनी आवाज देंगे।

फिल्म की एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े इसके लिए मजबूत शुरुआत के संकेत दे रहे हैं। हालांकि, वास्तविक बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन का पता रिलीज के बाद ही चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *