बिग बॉस में काशवी के सवालों से टूटीं लव गिल, स्काउट से बोलीं- मेरी छवि और करियर पर लगा दाग

Knews Desk – ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में लव गिल, स्काउट ओपी और काशवी हीरानंदानी के बीच का विवाद चर्चा में आ गया है। स्काउट ओपी की गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी ने शो में पहुंचकर लव और स्काउट की नजदीकियों पर सवाल उठाए। इस दौरान होस्ट रोहित शेट्टी ने भी स्काउट को उनके व्यवहार को लेकर समझाया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद लव गिल भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रोती नजर आईं।

शो में काशवी ने लव और स्काउट की नजदीकियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्काउट से अपने रिश्ते की मर्यादा बनाए रखने को कहा और लव के साथ उनके व्यवहार पर सवाल उठाए। काशवी ने आरोप लगाया कि लव ने स्काउट को अपने जाल में फंसाया है। इस बातचीत के दौरान दोनों के रिश्ते और घर में उनकी नजदीकियों को लेकर तीखी चर्चा हुई।

रोहित शेट्टी की बातों से भी भावुक हुईं लव

एपिसोड में रोहित शेट्टी ने स्काउट को समझाया कि शो को बड़ी संख्या में लोग देखते हैं और दर्शक घर के अंदर दिखाई देने वाले व्यवहार के आधार पर अपनी राय बनाते हैं। उन्होंने स्काउट को लव के साथ अपने व्यवहार में सीमाएं बनाए रखने की नसीहत दी। इस पूरे घटनाक्रम का लव पर गहरा असर दिखाई दिया।

बाद में लव गिल स्काउट से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए रोने लगीं। उन्होंने कहा कि इस विवाद से उनकी सार्वजनिक छवि और करियर को नुकसान पहुंच सकता है। लव ने अपनी तकलीफ जाहिर करते हुए कहा कि उनके कैरेक्टर पर सवाल उठाए गए हैं और अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि बाहर लोग उनके बारे में क्या सोचेंगे। उन्होंने स्काउट से यह भी शिकायत की कि इस पूरे मामले ने उनकी छवि खराब कर दी है।

लव की टीम ने भी किया समर्थन

इस विवाद के बाद लव गिल की टीम ने बयान जारी कर उनके समर्थन में आवाज उठाई। टीम ने कहा कि लव को सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने के बजाय अपनी बात रखने का मौका और सम्मान मिलना चाहिए था। टीम ने यह भी सवाल उठाया कि स्काउट और लव के बीच के समीकरण के लिए केवल लव को जिम्मेदार क्यों ठहराया जा रहा है।

इस घटनाक्रम के बाद ‘बिग बॉस 20’ में लव और स्काउट के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि आने वाले एपिसोड में इस विवाद पर क्या नया मोड़ आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *