प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर, रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के चार घंटे के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह मिर्जामुराद में अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे और भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित एरियल डिस्प्ले के अंतिम दिन कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
Knews Desk – प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर ढोल-नगाड़ों, डमरू दल के वादन, शंखनाद और सांस्कृतिक नृत्य के जरिए उनका अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से काशी का माहौल उत्साहपूर्ण बनाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री के यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत भी किया जाएगा।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मिर्जामुराद जाएंगे, जहां अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग के जरिए नमो घाट जाएंगे और गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होंगे।
अशोक चौरसिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से गुजरने के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और काशीवासी निर्धारित स्वागत केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री के स्वागत को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।