BJP पर नसीरुद्दीन शाह का हमला, बोले- विरोधियों से बदले की भावना से काम कर रही पार्टी

बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी विरोधी विचारधारा रखने वालों को परेशान कर रही है। उन्होंने बीजेपी को झूठी पार्टी बताते हुए दावा किया कि बंगाल चुनाव में छल-कपट के जरिए जीत हासिल की गई। शाह के मुताबिक, पार्टी अब उन लोगों से बदला लेने की भावना से काम कर रही है, जो उसकी नीतियों से सहमत नहीं हैं।

Knews Desk– नसीरुद्दीन शाह ने सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां के छात्रों को प्रशासन की जवाबदेही मांगने पर कारण बताओ नोटिस भेजे गए। उन्होंने दावा किया कि छात्रों पर नजर रखी जा रही है, उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और हॉस्टल खाली करने के लिए कहा जा रहा है। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी लोगों को प्रभावित करने और डराने के लिए प्रोपेगैंडा का सहारा ले रही है।

नसीरुद्दीन शाह पहले भी बीजेपी की नीतियों की आलोचना को लेकर चर्चा में रहे हैं। हाल ही में वह सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके के समर्थन में सामने आए थे। मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शाह भी शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने दीपके को गले लगाया और उनके काम की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी थीं।

साल 2015 में एक इंटरव्यू के दौरान शाह ने कहा था कि उन्हें मुस्लिम होने के कारण निशाना बनाया जा रहा है। पाकिस्तान की तारीफ करने वाले उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई थी। उस समय शाह ने कहा था कि उनका परिवार चार पीढ़ियों से भारत में रह रहा है और उन्हें भारतीय होने पर गर्व है। उन्होंने अपनी देशभक्ति पर सवाल उठाए जाने पर भी आपत्ति जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *