फिलीपींस में वायुसेना के दो ट्रेनर विमानों के हवा में टकराने से बड़ा हादसा हो गया। बटांगास प्रांत स्थित फर्नांडो एयर बेस पर हुई इस दुर्घटना में चार पायलटों की जान चली गई। हादसा प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ। घटना के बाद फिलीपींस वायुसेना ने अपने सभी SF-260 ट्रेनर विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है।
Knews Desk– स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, फिलीपींस वायुसेना के दो SF-260 विमानों के बीच प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हवा में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों विमान एयर बेस परिसर के भीतर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में चार पायलटों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में इनके अलावा किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद फिलीपींस वायुसेना ने एहतियाती कदम उठाते हुए अपने सभी SF-260 ट्रेनर विमानों की उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक इन विमानों का संचालन बंद रहेगा। फिलीपींस में SF-260 विमानों से जुड़े हादसों का यह पहला मामला नहीं है। इसी साल मई में उत्तरी फिलीपींस के पहाड़ी इलाके में एक SF-260 ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो पायलटों की मौत हुई थी। इससे पहले 2023 में भी प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक SF-260 TP विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस हादसे में भी दो पायलटों की जान चली गई थी।
SF-260 विमानों का इस्तेमाल प्रशिक्षण के साथ अन्य सैन्य अभियानों में भी किया जाता रहा है। वर्ष 2017 में दक्षिणी शहर मारावी में इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकवादियों के कब्जे के दौरान फिलीपींस की सेना ने हवाई हमलों के लिए भी इन विमानों का इस्तेमाल किया था। फिलहाल, ताजा हादसे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता चल सकेगा।