जामिया के छात्रों के समर्थन में आए इमरान मसूद, छात्र संघ बहाली की मांग; बोले- कश्मीर भारत का अभिन्न अंग

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्र संघ की बहाली की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों और उनकी भूख हड़ताल का समर्थन किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लिंगदोह कमेटी की सिफारिशें लागू हैं, तो छात्र संघ के चुनाव क्यों नहीं कराए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और देशविरोधी बयान देने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Knews Desk-सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने कहा कि वह जामिया मिल्लिया इस्लामिया में आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच अपनी बात रखने गए थे। उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से छात्र संघ बहाल करने की मांग की। उनका सवाल था कि यदि लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का पालन किया जा रहा है, तो छात्र संघ के चुनाव कराने में क्या परेशानी है।

कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद ने स्पष्ट कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि कश्मीर को लेकर देशविरोधी बयान देने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान उन्हें कोई छात्र ऐसा बयान देता हुआ नहीं मिला। मसूद ने आरोप लगाया कि पूरे आंदोलन को बदनाम करने की साजिश की जा रही है।

इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होने के सवाल पर मसूद ने कहा कि यह गठबंधन की रैली है और सभी लोग इसमें शामिल होंगे। भाजपा की ओर से कांग्रेस पर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है।

सिख समाज और सीट बंटवारे के मुद्दे पर भी इमरान मसूद ने अपनी बात रखी। सिख समाज को सीट दिए जाने के सवाल पर उन्होंने पूछा कि कौन-सी प्रमुख सीट दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर चर्चा के बाद ही इस संबंध में फैसला लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *