सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ की रिलीज पर अभी भी असमंजस बना हुआ है। फिल्म को रक्षा मंत्रालय से अब तक नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) नहीं मिला है, जिसके बिना सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने का रास्ता साफ नहीं हो सकता। फिल्म की कहानी से लेकर टाइटल तक में बदलाव किए जाने की खबरें हैं।
Knews Desk – सलमान खान इन दिनों वामसी पेडिपल्ली के निर्देशन में बन रही अपनी अपकमिंग फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में नयनतारा उनके साथ लीड रोल में नजर आएंगी। फिलहाल फिल्म को ‘मॉन्स्टर’ कहा जा रहा है और इसके अगले साल ईद पर रिलीज होने की उम्मीद है। इसी बीच सलमान की दूसरी फिल्म ‘मातृभूमि’ एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। हाल ही में खबरें आई थीं कि फिल्म के मेकर्स ने सेंसर बोर्ड (CBFC) से क्लीयरेंस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन ताजा अपडेट के मुताबिक, फिल्म की राह अभी भी आसान नहीं हुई है।
दरअसल, शुरुआत में इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था। यह फिल्म साल 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के बीच हुए संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है। पहले ऐसी खबरें थीं कि मेकर्स सीधे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से सर्टिफिकेट लेने की प्रक्रिया में जुटे हैं। हालांकि, मिड डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को अभी तक रक्षा मंत्रालय से NOC नहीं मिला है।
रिपोर्ट के अनुसार, जब तक रक्षा मंत्रालय से इस वॉर ड्रामा को मंजूरी नहीं मिल जाती, तब तक मेकर्स सेंसर सर्टिफिकेट के लिए CBFC के पास नहीं जा सकते। साल 2026 के मध्य में निर्देशक अपूर्व लाखिया की इस फिल्म की स्क्रीनिंग रक्षा मंत्रालय के लिए की गई थी। भारतीय सशस्त्र बलों पर आधारित फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और वेब सीरीज की कहानियों पर लागू नियमों के तहत यह प्रक्रिया जरूरी बताई गई है।
बताया जा रहा है कि पहली स्क्रीनिंग के दौरान मंत्रालय की ओर से फिल्म को लेकर कुछ सुझाव दिए गए थे। फिल्म में सलमान खान एक आर्मी ऑफिसर की भूमिका निभा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय के सुझावों के आधार पर मेकर्स ने फिल्म के कुछ हिस्सों को दोबारा शूट भी किया। पिछले कुछ महीनों में फिल्म में कई बदलाव किए जाने की खबरें सामने आई हैं। इनमें फिल्म के टाइटल से लेकर पड़ोसी देश को दिखाने के तरीके और कहानी के लहजे तक में बदलाव शामिल हैं।
अक्टूबर की शुरुआत में सलमान खान, अपूर्व लाखिया और उनकी टीम ने फिल्म का एक नया कट रक्षा मंत्रालय को भेजा था। हालांकि, अब तक इसे क्लीयरेंस मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल फिल्म के कलाकार और मेकर्स जरूरी प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।
मेकर्स चाहते हैं कि रक्षा मंत्रालय से NOC मिलने के बाद फिल्म को CBFC के पास भेजा जा सके। लेकिन जब तक मंत्रालय की मंजूरी नहीं मिलती, तब तक फिल्म की रिलीज डेट तय करना भी मुश्किल है। ऐसे में अब सवाल यह है कि सलमान खान की ‘मातृभूमि’ इस साल रिलीज हो पाएगी या इसकी रिलीज अगले साल तक टल जाएगी। फिलहाल फिल्म की रिलीज को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।