X पर सोनिया गांधी का डेब्यू, राजीव गांधी से पहली मुलाकात का सुनाया किस्सा

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम के बाद अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी डेब्यू किया है। अपने पहले पोस्ट में उन्होंने आगामी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की झलक साझा की और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपनी पहली मुलाकात की यादें ताजा कीं। उनकी यह किताब 10 नवंबर को रिलीज होगी।

Knews Desk– सोनिया गांधी ने X पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपनी प्रेम कहानी और राजीव गांधी के साथ बिताए यादगार पलों के बारे में बात करती नजर आ रही हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में उनकी प्रेम यात्रा शुरू हुई थी। राजीव गांधी के साथ उन्होंने प्यार, हंसी और यादों से भरी दुनिया बनाई, जिसे वह अब अपनी किताब के जरिए लोगों के साथ साझा करेंगी।

सोनिया गांधी ने बताया कि इंग्लैंड में उन दिनों अच्छे रेस्तरां कम हुआ करते थे। उन्हें खासतौर पर इटैलियन खाना पसंद था और वह ऐसी जगह तलाशती रहती थीं, जहां उन्हें अपनी पसंद का भोजन मिल सके। इसी दौरान उन्हें एक ग्रीक रेस्तरां मिला, जहां यूरोपीय और भारतीय छात्र आया करते थे। इसी रेस्तरां में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी।

पहली मुलाकात को याद करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें तुरंत महसूस हुआ कि राजीव ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके साथ रहना उन्हें अच्छा लगेगा। बाद में उन्हें पता चला कि राजीव के मन में भी यही भावना थी। एक साझा मित्र ने दोनों का परिचय कराया था, जिसके बाद उनकी दोस्ती हुई और वे साथ में पार्टियों में जाने लगे।

सोनिया ने राजीव गांधी के सौम्य स्वभाव और आकर्षक व्यक्तित्व को भी याद किया। उन्होंने बताया कि एक वैलेंटाइन पार्टी में राजीव उन्हें बेहद अच्छे और विनम्र इंसान लगे। यही वजह है कि वह पहली मुलाकात को आज भी नहीं भूल सकतीं। 10 नवंबर को रिलीज होने वाली ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में सोनिया गांधी अपने बचपन, राजीव गांधी के साथ रिश्ते और परिवार से जुड़ी यादों को साझा करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *