राजस्थान में ट्रक-कार की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत 6 की मौत, 7 महीने की बच्ची गंभीर घायल

राजस्थान के चूरू जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। सादुलपुर क्षेत्र में ददरेवा गांव के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों और कार चालक की जान चली गई, जबकि सात महीने की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

Knews Desk- जानकारी के अनुसार, तारानगर क्षेत्र के सोमसीसर गांव का एक परिवार गोगामेड़ी में देवी के दर्शन करने जा रहा था। इसी दौरान ददरेवा गांव के पास उनकी कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही ददरेवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य और कार का चालक शामिल है। मृतकों में एक छोटा बच्चा भी बताया जा रहा है। हादसे की खबर से परिवार में मातम पसर गया है।

इस दुर्घटना में करीब सात महीने की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए चूरू रेफर किया गया है। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में परिवार के छह लोगों की मौत और मासूम के घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शी रामकरण पूनिया के अनुसार, कार अचानक ट्रक के पीछे जा घुसी थी। हालांकि, पुलिस हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ट्रक और कार के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।

फिलहाल, हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। सोमसीसर गांव सहित आसपास के इलाकों में इस घटना के बाद शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *