दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा इंडिया टूर’ दिल्ली से शुरू होने वाला था। 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले इस कॉन्सर्ट के टिकटों की बिक्री भी शुरू हो गई थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
Knews Desk– पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों के लिए निराशाजनक खबर सामने आई है। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर 2026 को होने वाला उनका कॉन्सर्ट फिलहाल टल गया है। दिलजीत का ‘ऑरा इंडिया टूर’ इसी कार्यक्रम के साथ शुरू होने वाला था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कॉन्सर्ट पहले 1 नवंबर को आयोजित होना था, लेकिन 1984 के सिख-विरोधी दंगों की बरसी से जुड़ी संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी तारीख बदलकर 30 अक्टूबर की गई थी। हालांकि, अब दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के कारण आयोजन पर संकट खड़ा हो गया है।
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण जिला) के कार्यालय ने बुकमाईशो को पत्र लिखकर आयोजन की अनुमति देने से इनकार किया है। पत्र में 14 अक्टूबर 2026 को दिए गए आवेदन का उल्लेख करते हुए कहा गया कि 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर दिल्ली’ कार्यक्रम के आयोजन के अनुरोध की समीक्षा की गई।
पुलिस ने अपने जवाब में सुरक्षा संबंधी विशिष्ट खतरों से जुड़े इनपुट, त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का हवाला दिया। इन्हीं कारणों से आयोजन की अनुमति देने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया गया। फिलहाल कॉन्सर्ट की नई तारीख या आगे की योजना को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। टिकट खरीद चुके प्रशंसकों की नजर अब आयोजकों की अगली घोषणा पर रहेगी।