4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और प्रमोशनल इवेंट भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसी बीच कोलकाता में हुए एक इवेंट के दौरान रणबीर कपूर की जुबान फिसल गई, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाने लगा। अब एक्टर ने चेन्नई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपनी गलती के लिए माफी मांगी है।
Knews Desk – रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। दावा किया गया है कि एडवांस बुकिंग के दौरान फिल्म के पहले दिन के लिए 80 हजार टिकट बिक चुके हैं। रिलीज से 15 दिन पहले बुकिंग शुरू होना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी बीच फिल्म के प्रमोशनल इवेंट भी आयोजित किए जा रहे हैं।
कोलकाता में 20 अक्टूबर को आयोजित एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान रणबीर कपूर कुछ ऐसा कह गए, जिसके बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। दरअसल, एक्टर यह कहना चाहते थे कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत सच्चाई और अच्छाई की ही होती है। हालांकि, बोलते समय उनकी जुबान फिसल गई और ‘जीत’ की जगह उनके मुंह से ‘अंत’ शब्द निकल गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
इस मामले के बाद रणबीर कपूर ने 21 अक्टूबर को चेन्नई में आयोजित प्रमोशनल ऑडियो लॉन्च इवेंट के दौरान मंच से माफी मांगी। इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्म ‘रॉकस्टार’ के एआर रहमान के गाने की पंक्ति ‘जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद करे अल्फाज मेरे’ का भी जिक्र किया। उनके इस संदर्भ पर वहां मौजूद लोगों ने हूटिंग की।
फिल्म ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। इसे दो भागों में रिलीज किए जाने की तैयारी है और इसका बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी मां सीता के किरदार में नजर आएंगी। रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, अरुण गोविल राजा दशरथ और यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे। अभिनेता सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ी हुई हैं। हालांकि, रणबीर कपूर के बयान और उसके बाद मांगी गई माफी ने रिलीज से पहले फिल्म के प्रमोशनल इवेंट को भी सुर्खियों में ला दिया है।