राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर निशिकांत दुबे का हमला, इल्हान उमर से मुलाकात पर घेरा

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष के नेतृत्व में भारत में हो रहे विरोध प्रदर्शन देश को अस्थिर करने की साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं, अमेरिकी सांसदों इल्हान उमर और रो खन्ना से कथित मुलाकातों तथा विदेशी फंडिंग, क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन जुए से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए।

Knews Desk – भाजपा ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि भारत में विपक्ष के नेतृत्व में हो रहे विरोध प्रदर्शन देश को अस्थिर करने की साजिश का हिस्सा हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दुबे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के अमेरिकी सांसदों इल्हान उमर और रो खन्ना के साथ कथित संबंधों पर सवाल उठाए। उन्होंने विदेशी फंडिंग, क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन जुए को लेकर भी चिंता व्यक्त की।

निशिकांत दुबे ने कहा कि पिछले 10-15 दिनों से ऐसा लग रहा था, जैसे दिल्ली में कोई नियम-कानून ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष लंच या डिनर के लिए बाहर जाते हैं और फिर कहीं जाकर धरने पर बैठ जाते हैं। दुबे ने कहा कि कुछ ऐसे लोग भी राष्ट्रीय ध्वज लेकर विरोध स्थलों पर पहुंच रहे थे, जिन्होंने शायद अपनी पूरी जिंदगी में कभी तिरंगा नहीं फहराया हो। उनके मुताबिक, तिरंगे के इस्तेमाल से साफ पता चलता है कि ऐसे लोगों को उसके सम्मान और गरिमा की परवाह नहीं है।

राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और इल्हान उमर से मुलाकात को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 270 बार विदेश यात्रा पर गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को भड़काने के बाद राहुल गांधी वियतनाम चले गए। दुबे ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी विदेशों की यात्रा क्यों करते हैं और वहां किन लोगों से मिलते हैं।

दुबे ने दावा किया कि राहुल गांधी अमेरिका में अक्सर इल्हान उमर और रो खन्ना से मिलते थे। उन्होंने इल्हान उमर की पाकिस्तान यात्रा और कश्मीर को लेकर उनके कथित बयान का जिक्र करते हुए राहुल गांधी से सवाल किया कि वह किसके कहने पर इल्हान उमर से मिले थे। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप प्रशासन इल्हान उमर के परिवार के ठिकानों पर छापेमारी कर रहा है।

भाजपा सांसद ने आगे आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, तो नेविल रॉय सिंघम, इल्हान उमर, रो खन्ना और सोरोस फाउंडेशन के सिंडिकेट से जुड़े लोगों के संपर्क में रहते हैं। उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस की रिपोर्टों का हवाला देते हुए दावा किया कि राहुल गांधी को क्रिप्टोकरेंसी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ऑनलाइन जुआ लॉबी ने ‘खरीद’ लिया है। दुबे के आरोपों के मुताबिक, इन लोगों के इशारे पर राहुल गांधी और कई विपक्षी दल युवाओं को सत्ता परिवर्तन के लिए लामबंद करते हैं।

दुबे ने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य भारत को बांटना और देश में नेपाल, श्रीलंका या पाकिस्तान जैसे हालात पैदा करना है। उन्होंने कहा कि ऐसा मकसद कभी कामयाब नहीं होगा, क्योंकि अब दुनिया जाग चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इन रिपोर्टों से संबंधित लोगों के निजी संबंधों का पता चलता है।

कांग्रेस से सवाल करते हुए दुबे ने पूछा कि पिछले पांच वर्षों में राहुल गांधी विदेशों में किन लोगों से मिले और इनमें से कौन लोग उनकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ या ऐसी ही अन्य यात्राओं में शामिल हुए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान किन लोगों से मिलते हैं और देश को अस्थिर करने के लिए किस तरह की योजनाएं बनाते हैं।

निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर संस्थाओं और संविधान में भरोसा नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा सभी संस्थाओं का सम्मान करती है। दुबे ने इलाहाबाद हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी के कथित असली नाम ‘राउल विंची’ को लेकर चल रहे मामले का भी जिक्र किया।

ये सभी आरोप भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लगाए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *