‘बिग बॉस 20’ में टीवी एक्ट्रेस माही विज अपनी निजी जिंदगी और जय भानुशाली से तलाक को याद कर भावुक हो गईं। माही ने खुलासा किया कि तलाक की कानूनी कार्रवाई के दौरान जज ने उनसे चार बार गुजारा भत्ता लेने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। एक्ट्रेस ने बताया कि वह अपनी बेटी का भविष्य खुद सुरक्षित करना चाहती हैं।
Knews Desk – जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों हाई-वोल्टेज ड्रामे के साथ इमोशनल पल भी देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में टीवी एक्ट्रेस माही विज अपनी निजी जिंदगी, सिंगल मदरहुड और एक्स-हसबैंड जय भानुशाली से तलाक को याद कर भावुक हो गईं। घर में को-कंटेस्टेंट्स से बातचीत के दौरान माही ने जय भानुशाली से एलिमनी यानी गुजारा भत्ता नहीं लेने के अपने फैसले पर खुलकर बात की और बताया कि तलाक की कानूनी कार्रवाई के दौरान कोर्ट में क्या हुआ था।
माही ने रोते हुए बताया कि जब वह कोर्ट में खड़ी थीं, तब जज ने उनसे चार बार एलिमनी लेने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। एक्ट्रेस ने कहा, “मैं कोर्ट में खड़ी थी, जज ने 4 बार मुझसे बोला कि एलिमनी ले लो, लेकिन मैंने नहीं ली। जो कमाया उसने अपनी मेहनत से कमाया है। मुझे पता है कि उसने मेरे लिए पूरा लॉकर खुला रख दिया था, पर फिर भी मुझे लगता है कि उसने बहुत मेहनत की है। वो 16-16 घंटे सेट पर खड़ा हुआ है, वो उसकी मेहनत का पैसा है। मैं सब कुछ अपने दम पर करती हूं ताकि मेरी बच्ची का फ्यूचर सिक्योर रहे।”
जय ने हमेशा किया सपोर्ट
बातचीत के दौरान माही ने स्वीकार किया कि जय ने अपने तमाम संसाधन उनके लिए हमेशा खुले रखे थे। इसके बावजूद वह उनकी सालों की मेहनत से कमाए गए पैसे नहीं लेना चाहती थीं। अपनी बेटी तारा का जिक्र करते हुए माही और भी भावुक हो गईं।
एक्ट्रेस ने बताया कि बिग बॉस के घर में साथी कंटेस्टेंट अरिश्फा खान को देखकर उन्हें अपनी बेटी तारा की याद आती है। माही के मुताबिक, जब वह बिग बॉस के घर में आने की तैयारी कर रही थीं, तब जय भानुशाली ने ही उन्हें घर से बाहर निकलकर अपने लिए जीने के लिए प्रेरित किया था। जय ने उनसे कहा था कि वह बिना किसी चिंता के शो में जाएं, तारा का पूरा ख्याल वह रखेंगे।

हालांकि, माही ने यह भी बताया कि मां होने के नाते उन्होंने अपनी बेटी के लिए जिंदगी में कई समझौते किए हैं। अब वह आत्मनिर्भर रहते हुए अपनी बेटी की परवरिश करना चाहती हैं।
14 साल की शादी के बाद जनवरी 2026 में अलग हुए माही और जय
गौरतलब है कि टीवी के चर्चित कपल्स में शामिल माही विज और जय भानुशाली ने शादी के 14 साल बाद जनवरी 2026 में आपसी सहमति से अलग होने का ऐलान किया था। दोनों ने संयुक्त बयान जारी कर स्पष्ट किया था कि अलग होने के बावजूद वे अपनी बेटियों तारा और खुशी तथा बेटे राजवीर की परवरिश में कोई कमी नहीं आने देंगे। दोनों ने बच्चों की सह-परवरिश यानी को-पैरेंटिंग की जिम्मेदारी निभाने की बात कही थी।
उस समय सोशल मीडिया पर यह अफवाह भी सामने आई थी कि माही ने 5 करोड़ रुपये की एलिमनी मांगी है। हालांकि, एक्ट्रेस ने इस दावे को खारिज कर दिया था। अब ‘बिग बॉस 20’ में एलिमनी को लेकर माही के खुलासे के बाद उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने और खुद आत्मनिर्भर रहने की उनकी बात पर दर्शक प्रतिक्रिया दे रहे हैं।