ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में गुरुवार सुबह चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। फ्लैट से करीब 1 करोड़ रुपये के सामान की चोरी होने की जानकारी है। सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हुई इस घटना से सोसायटी के लोगों में हैरानी है।
Knews Desk- ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घरवालों को अपने फ्लैट में चोरी होने की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि चोर करीब 1 करोड़ रुपये के सामान पर हाथ साफ कर गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोप है कि चोरी करने से पहले वे फ्लैट में आराम से बैठे और शराब की पूरी बोतल खत्म की। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने फ्लैट के दो बाथरूम का भी इस्तेमाल किया और उनके फ्लश तक नहीं चलाए।
इस घटना के बाद सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और सुरक्षा गार्डों की कथित लापरवाही की बात भी सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, सोसायटी में हाल ही में डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें कुछ बाहरी लोगों को भी प्रवेश की अनुमति दी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व सोसायटी में दाखिल हुए और उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी में कौन शामिल था और आरोपी सोसायटी में कैसे दाखिल हुए, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।