भारतीय पैरा शूटर मनीष नरवाल ने जापान के नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया है। फरीदाबाद के रहने वाले मनीष ने फाइनल में 233.7 अंक हासिल किए और लॉस एंजिल्स 2028 पैरालंपिक्स का कोटा भी पक्का किया। उनकी सफलता के पीछे संघर्ष, परिवार का साथ और लगातार मेहनत की कहानी है।
Knews Desk- मनीष नरवाल ने एशियन पैरा गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में दक्षिण कोरिया के जो जियोंगदू ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि चीन के यांग चाओ को ब्रॉन्ज मेडल मिला। मनीष ने 2023 में हांगझोऊ में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भी सिल्वर मेडल जीता था। इस बार उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा साबित की और साथ ही 2028 पैरालंपिक्स के लिए कोटा हासिल किया।
मनीष का सफर आसान नहीं रहा। उनका दाहिना हाथ जन्म से ही ठीक तरह से काम नहीं करता। बचपन में जब पहली कक्षा के दौरान उन्हें अपनी शारीरिक स्थिति का एहसास हुआ, तो वह काफी परेशान हुए और लोगों के सामने आने से भी डरने लगे। उनका सपना शूटर बनने का नहीं, बल्कि फुटबॉलर बनने का था। हालांकि, उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका।
इसके बाद उनके पिता दिलबाग सिंह ने बेटे को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए। एक दोस्त की मदद से उन्होंने बल्लभगढ़ की शूटिंग एकेडमी में मनीष का दाखिला कराया। शूटिंग के लिए पिस्टल खरीदना परिवार के लिए आसान नहीं था। इसके लिए उनके पिता को रिश्तेदारों से कर्ज लेना पड़ा। शुरुआत में मनीष को शूटिंग पसंद नहीं थी, लेकिन कोच प्रकाश नौटियाल के मार्गदर्शन और मेहनत से उनकी रुचि धीरे-धीरे इस खेल में बढ़ने लगी।
आज मनीष नरवाल की उपलब्धि उन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं। उनकी कहानी बताती है कि परिवार का सहयोग, सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास किसी भी खिलाड़ी को बड़ी सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के अन्य खिलाड़ियों ने भी पदक जीते हैं। पावरलिफ्टिंग में अशोक ने 65 किलोग्राम वर्ग में 192 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं, पुरुषों की भाला फेंक F53/54 स्पर्धा में प्रदीप कुमार ने 27.45 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सिल्वर और आयुष वर्मा ने 17.88 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।