‘रामायण’ के इवेंट में दिल राजू से हुई बड़ी गलती, रणबीर कपूर को कह दिया रणवीर सिंह, फिर मांगी माफी

रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैन्स के बीच जबरदस्त उत्साह है। हैदराबाद में आयोजित ग्रैंड प्री-रिलीज इवेंट में प्रोड्यूसर और डिस्ट्रीब्यूटर दिल राजू ने रणबीर कपूर को गलती से रणवीर सिंह कह दिया। अपनी गलती का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत माफी मांगी, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

Knews Desk – रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म को ग्लोबल स्तर पर रिलीज करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही साउथ में भी फिल्म को बड़े स्तर पर रिलीज करने की योजना है। हाल ही में हैदराबाद में ‘रामायण’ का ग्रैंड प्री-रिलीज इवेंट आयोजित किया गया, जिसमें आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के डिस्ट्रीब्यूटर दिल राजू शामिल हुए। इससे कुछ दिन पहले बेंगलुरु में भी एक सफल कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हैदराबाद में कार्यक्रम की शुरुआत में दिल राजू ने फिल्म और इसकी स्टार कास्ट की जमकर तारीफ की।

दिल राजू की प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ‘श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स’ आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ‘रामायण’ को रिलीज करेगी। इवेंट के दौरान दिल राजू से एक गलती हो गई। उन्होंने रणबीर कपूर को गलती से ‘रणवीर सिंह’ कह दिया। अपनी गलती का एहसास होते ही वह हंसने लगे और तुरंत माफी मांगते हुए रणबीर कपूर का सही नाम लिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दिल राजू ने रणबीर कपूर की तारीफ में क्या कहा?

‘रामायण’ के इवेंट में दिल राजू ने रणबीर कपूर की पिछली फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा, “रणबीर जी, हमने यहां आपकी दो फिल्में डिस्ट्रीब्यूट की हैं। ‘ब्रह्मास्त्र’ और ‘एनिमल’। ‘रामायण’ तीसरी फिल्म है और उम्मीद है कि यह यहां सफलता की हैट्रिक लगाएगी। तो, धन्यवाद सर।”

इसके बाद उन्होंने कहा, “आज के बेहतरीन एक्टर्स में से एक रणवीर सिंह गारू हैं।” अपनी गलती का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत सुधार करते हुए कहा, “माफ करना, रणबीर कपूर गारू।” इस दौरान वह हंसते हुए नजर आए।

लॉस एंजिल्स में होगा ‘रामायण’ का ग्रैंड प्रीमियर

कार्यक्रम के दौरान फिल्म के प्रोड्यूसर्स ने ऐलान किया कि ‘रामायण’ का ग्रैंड प्रीमियर 27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में होगा। यह कार्यक्रम ‘अकादमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स’ के ‘डेविड गेफेन थिएटर’ में आयोजित किया जाएगा। फिल्म को ग्लोबल स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

यश ने फैन्स से की खास अपील

इवेंट के दौरान यश ने फिल्म को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नमित मल्होत्रा ने इस प्रोजेक्ट पर बड़ा दांव लगाया है। फिल्म को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए उन्होंने अपनी साख, पैसा और सब कुछ दांव पर लगा दिया है।

यश ने कहा, “अगर लोगों को सिनेमा पसंद आता है, तो वे इसके बारे में बात करेंगे। लेकिन कृपया VFX में छोटी-छोटी कमियां निकालने की कोशिश न करें। ऐसी कमियां फिर कभी नहीं होंगी। अगर हम अभी उनके जैसे लोगों को खो देते हैं, तो हम कई साल पीछे चले जाएंगे। इसलिए, आइए खुले मन से ‘रामायण’ देखें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *