दशहरे पर यूपी-राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट, दिल्ली से उत्तराखंड तक जानें मौसम का हाल

Knews Desk- दशहरे के दिन देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, दिल्ली में आसमान साफ रहने का अनुमान है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

उत्तर भारत में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 अक्टूबर को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 23 अक्टूबर तक आसमान साफ रह सकता है, जबकि 24 और 25 अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती, अलीगढ़, बिजनौर, देवरिया, मथुरा, कुशीनगर, आगरा, हरदोई, मेरठ, हमीरपुर और सहारनपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर, चित्तौड़गढ़, बूंदी, बीकानेर, टोंक, अजमेर, चूरू, सवाई माधोपुर, सीकर, झुंझुनू, जयपुर और जैसलमेर में आंधी-बारिश की चेतावनी है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम बिगड़ सकता है।

बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। झारखंड में भी अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में बारिश की संभावना नहीं है। महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में तमिलनाडु के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। केरल में मूसलाधार बारिश की संभावना है। कर्नाटक के तटीय और दक्षिण आंतरिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और रायलसीमा में भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, ऋषिकेश, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत और नैनीताल में बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है। 23 अक्टूबर से कुछ पर्वतीय जिलों में मौसम बदल सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में 3,500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *