फ्रांस में हिंसक प्रदर्शन के बीच Apple, Louis Vuitton और Hermes के स्टोर में लूटपाट, Dior ने बढ़ाई सुरक्षा

Knews Desk– फ्रांस में महंगाई के खिलाफ शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान कई शहरों में हिंसा, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं सामने आई हैं। नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने Apple, Louis Vuitton और Hermes जैसे लक्जरी ब्रांड्स के स्टोर को निशाना बनाया। हालात को देखते हुए Dior ने पेरिस में अपने स्टोर की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा एजेंसी तैनात की है।

शनिवार, 17 अक्टूबर को फ्रांस में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। राजधानी पेरिस समेत कई शहरों में प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ और आगजनी हुई। राष्ट्रपति भवन एलिजे पैलेस के पास कई गाड़ियों में आग लगा दी गई। वहीं, लिमोज शहर में नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने 143 साल पुरानी टाउन हॉल इमारत में आग लगा दी।

पेरिस, मार्सिले, नीस, नैनटेस, बोर्डो, लिमोज, लिले, टूलूज और स्ट्रासबर्ग में भी हिंसा और लूटपाट की घटनाएं सामने आईं। प्रदर्शनकारियों ने दुकानों के शटर तोड़कर सामान लूटा। लग्जरी बुटीक, कपड़ों, चश्मों, कॉस्मेटिक्स और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों को निशाना बनाया गया। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए।

हिंसा के बीच Dior की सुरक्षा व्यवस्था चर्चा में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने पेरिस के एवेन्यू मोंटेग्ने स्थित अपने स्टोर की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा एजेंसी तैनात की है। हालांकि, इस कदम से सुरक्षा पर कितना असर पड़ा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

फ्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, प्रदर्शन में करीब 5.50 लाख लोग शामिल हुए, जिनमें 1.10 लाख लोग पेरिस में थे। वहीं, CGT यूनियन ने प्रदर्शनकारियों की संख्या 8 लाख से अधिक बताई। प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के मुताबिक, हिंसक घटनाओं के दौरान 1,200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। पथराव में करीब 150 पुलिसकर्मी घायल हुए। अधिकारियों के अनुसार, पेरिस में दिन का मुख्य प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन शाम होते-होते स्थिति बिगड़ गई और कई शहरों में पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *