KNEWS DESK– दिल्ली के कनॉट प्लेस में 16 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। दोपहर 3 बजे से नई दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट और नियंत्रित किया जाएगा। वहीं, NDMC ने प्रशासनिक कारणों से कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम जनता के लिए बंद रखने का फैसला किया है।
Knews Desk दिल्ली में प्रस्तावित मार्च को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को कनॉट प्लेस और लुटियंस दिल्ली के आसपास के रास्तों से बचने तथा यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी है। पुलिस ने निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील भी की है।
प्रभावित होने वाले प्रमुख मार्गों में संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड और जनपथ शामिल हैं। इसके अलावा रेल भवन, रफी मार्ग, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाक खाना, कस्तूरबा गांधी मार्ग और टॉलस्टॉय मार्ग सहित कई प्रमुख चौराहों पर भी यातायात प्रभावित रहने की आशंका है। अशोक रोड, तिलक मार्ग और सिकंदरा रोड पर भी डायवर्जन लागू रहेगा।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए लोगों से कनॉट प्लेस में प्रस्तावित मार्च से दूर रहने की अपील की है। वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से शुक्रवार शाम 5 बजे राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेंट्रल पार्क में एकत्र होने का आह्वान किया है।
इस बीच, NDMC ने दिल्ली पुलिस को सेंट्रल पार्क में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। ट्रैफिक एडवाइजरी के मद्देनजर यात्रियों को निकलने से पहले अपने मार्ग की योजना बनाने की सलाह दी गई है।