सीजेपी का ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च आज, कनॉट प्लेस पर धारा 163 लागू

Knews Desk– कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की 16 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा से पहले राजधानी दिल्ली में हलचल बढ़ गई है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिन के लिए बंद रखने का नोटिस जारी किया है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने लोगों से इस इलाके से दूर रहने की अपील की है और निषेधाज्ञा का हवाला दिया है।

यात्रा को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है। इसमें कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। इस बीच CJP नेता अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि अंडरकवर पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहे हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रस्तावित यात्रा से पहले इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस सतर्क है।

अधिकारियों के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। यात्रा को लेकर प्रशासन और आयोजकों के बीच समन्वय जारी है। CJP ने सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए लोगों से शुक्रवार शाम पांच बजे हाथों में तिरंगा लेकर सेंट्रल पार्क में जुटने की अपील की है। आम आदमी पार्टी ने भी प्रदर्शन का समर्थन करते हुए अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *