knews desk – इमरान हाशमी इन दिनों अपनी फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म अगले महीने यानी नवंबर में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी बीच शूटिंग सेट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने यूजर्स को हैरान कर दिया है। वीडियो में क्रेन से हवा में लटकी एक SUV कार पलटने के बाद नीचे खड़ी वैन पर गिरती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि इस दौरान इमरान हाशमी भी सेट पर मौजूद थे और कार उनसे कुछ ही दूरी पर गिरी।
सोशल मीडिया पर सामने आया यह वीडियो ‘गनमास्टर जी9’ की शूटिंग का बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि फिल्म के क्लाइमैक्स की शूटिंग चल रही थी और सेट पर स्टंट की तैयारी की जा रही थी। वीडियो में क्रू मेंबर्स मौजूद नजर आ रहे हैं। इसी दौरान क्रेन से हवा में लटकी SUV पहले पलटती है और फिर नीचे खड़ी वैन पर गिर जाती है। बताया जा रहा है कि कार इमरान हाशमी से कुछ ही दूरी पर गिरी थी।
स्टंट का हिस्सा था या हुआ हादसा?
वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि SUV का वैन पर गिरना फिल्म के स्टंट का हिस्सा था या फिर सेट पर कोई हादसा हुआ। फिलहाल इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है। न तो फिल्म के मेकर्स और न ही इमरान हाशमी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। ऐसे में वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है।
https://www.instagram.com/reels/Deb3zJjzfxB/
27 नवंबर को रिलीज होगी ‘गनमास्टर जी9’
‘गनमास्टर जी9’ एक रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसे आदित्य दत्त ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी नजर आएंगे। यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इमरान हाशमी के फैंस को उनकी इस फिल्म का इंतजार है।
‘आवारापन 2’ के बाद नई फिल्म से उम्मीदें
इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ को नितिन कक्कड़ ने डायरेक्ट किया था। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी और पूरन गब्बी नजर आए थे। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में 213 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। अब दर्शकों की नजर ‘गनमास्टर जी9’ पर है और देखना होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।