DSSSB Recruitment 2026: दिल्ली में 10वीं पास के लिए भर्ती, चौकीदार-सफाई कर्मचारी के पदों पर करें आवेदन

Knews Desk– दिल्ली में 10वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का अवसर है। दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने चौकीदार और सफाई कर्मचारी के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 25 रिक्त पद भरे जाएंगे। इनमें चौकीदार के 15 और सफाई कर्मचारी के 10 पद शामिल हैं। दोनों पद ग्रुप सी के अंतर्गत आते हैं। इच्छुक उम्मीदवार 13 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। निर्धारित आयु सीमा 18 से 27 वर्ष है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। OBC वर्ग के उम्मीदवारों को तीन साल और SC/ST वर्ग के अभ्यर्थियों को पांच साल की छूट मिलेगी। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक अधिसूचना में दी गई पात्रता और अन्य शर्तों की जांच कर लेनी चाहिए।

भर्ती के लिए सामान्य आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, महिला, SC, ST और दिव्यांग (PwBD) वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। पात्र अभ्यर्थी DSSSB की आधिकारिक वेबसाइट dsssb.delhi.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जानकारी सही तरीके से भरनी होगी।चौकीदार और सफाई कर्मचारी के पदों पर चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में कुल 100 ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे जाएंगे। हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान और अंकगणित से 25-25 प्रश्न होंगे। लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर कुल रिक्तियों की संख्या के 10 गुना अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू कुल 15 अंकों का होगा और इसका आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय कार्यालय करेगा।

लिखित परीक्षा में न्यूनतम अंक प्राप्त करना भी जरूरी होगा। सामान्य और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को परीक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। वहीं, OBC (दिल्ली), SC, ST, PwBD और ESM वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम कटऑफ 45 प्रतिशत निर्धारित की गई है। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी है। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक काटे जाएंगे।चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित पे स्केल के अनुसार वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा सरकारी नियमों के मुताबिक अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिल सकती हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध भर्ती अधिसूचना ध्यान से पढ़ें और आवेदन की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *