गोरखपुर में पतंग के मांझे की चपेट में आने से 35 वर्षीय रमेश कनौजिया की जान चली गई। बाइक से जाते समय उनकी गर्दन में मांझा फंस गया, जिससे गंभीर चोट लगने पर उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है और गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मांझे से गर्दन कटने के कारण एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना तिवारीपुर थाना क्षेत्र की है, जहां माधोपुर निवासी रमेश कनौजिया शनिवार दोपहर अपनी बाइक से इलाहीबाग स्थित हरबर्ट बांध के रास्ते जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी गर्दन में मांझा उलझ गया। धारदार धागे से उनकी गर्दन बुरी तरह कट गई और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल रमेश के गले से काफी खून बहने लगा।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल गोरखपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि रमेश की गर्दन में फंसने वाला धागा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा था या पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाला सामान्य मांझा। हादसे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी सिटी निमिष पाटिल के मुताबिक, मांझे से गर्दन पर गंभीर चोट लगने के बाद युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, लापरवाही के मामले में स्थानीय चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस ने प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए अगले 48 घंटे तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान यदि कहीं प्रतिबंधित मांझे की बिक्री होती पाई गई, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।