जाह्नवी कपूर और जूनियर एनटीआर की फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ का गाना ‘चुट्टामल्ले’ काफी पॉपुलर हुआ था। अब इसी गाने का एक मॉर्फ्ड और AI से बनाया गया डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे गलत तरीके से पेश किए जाने पर जूनियर एनटीआर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है और इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
Knews Desk – जाह्नवी कपूर और जूनियर एनटीआर फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ में नजर आए थे। फिल्म में दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था। वहीं, फिल्म का गाना ‘चुट्टामल्ले’ भी काफी पॉपुलर हुआ था। अब इसी गाने का एक मॉर्फ्ड और AI से बनाया गया डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गाने के साथ छेड़छाड़ कर उसे गलत तरीके से पेश किया गया है। इस AI वीडियो पर अब जूनियर एनटीआर ने आवाज उठाई है।
शनिवार को जूनियर एनटीआर ने गाने के साथ छेड़छाड़ कर बनाए गए इस वीडियो के ऑनलाइन प्रसार पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। इतना ही नहीं, एक्टर ने ऐसा करने वालों को घिनौना और बीमार मानसिकता वाला बताया है।
जूनियर एनटीआर ने जारी किया बयान
जूनियर एनटीआर ने X पर बयान जारी करते हुए कहा, “घिनौना, बीमार मानसिकता और बेशर्मी की हद है। जिस देश में महिलाओं को मां और देवी के रूप में पूजा जाता है, जहां ‘मातृदेवो भव’ सिर्फ एक वाक्य नहीं बल्कि हमारी संस्कृति का हिस्सा है, वहां कुछ लोग इतने नीचे गिर गए हैं कि AI का इस्तेमाल करके एक महिला का बेहद अपमानजनक तरीके से अनादर कर रहे हैं। इस तरह की घटिया चीज बनाने के लिए AI का इस्तेमाल करना शब्दों से परे शर्मनाक है।”
https://twitter.com/tarak9999/status/2106292261843820830?s=20
उन्होंने आगे कहा, “इस मॉर्फ्ड ‘चुट्टामल्ले’ वीडियो के पीछे जो लोग हैं, मैं आपमें से किसी को नहीं छोड़ूंगा। इसे बनाने वालों और इसे फैलाने वालों के खिलाफ मैं हर संभव कानूनी कार्रवाई करूंगा।”
भारत सरकार से की सख्त नियम बनाने की अपील
जूनियर एनटीआर ने लोगों से अपील की कि वे इस तरह के कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही इसे किसी तरह का एंगेजमेंट दें। उन्होंने कहा कि आज यह किसी और के साथ हुआ है, लेकिन कल यही किसी की मां, बहन, पत्नी या बेटी के साथ भी हो सकता है।
एक्टर ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए सभी राज्य सरकारों और भारत सरकार से AI के गलत इस्तेमाल के खिलाफ सख्त नियम बनाने और कड़ी कार्रवाई करने की अपील भी की।
‘देवरा: पार्ट 1’ से जान्हवी ने किया था साउथ डेब्यू
‘देवरा: पार्ट 1’ जाह्नवी कपूर और सैफ अली खान दोनों की साउथ इंडस्ट्री में डेब्यू फिल्म थी। फिल्म में काम करने के अनुभव के बारे में जाह्नवी ने PTI से बात करते हुए कहा था कि तेलुगु फिल्म में काम करने से उन्हें अपनी दिवंगत मां श्रीदेवी के और करीब महसूस होता है।
‘देवरा: पार्ट 1’ 27 सितंबर 2024 को रिलीज हुई थी। अब फिल्म के गाने से जुड़े इस AI डीपफेक वीडियो को लेकर जूनियर एनटीआर की प्रतिक्रिया के बाद यह मामला चर्चा में है।