KNEWS DESK- वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम की व्यवस्थाओं में बदलाव की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में आश्रम के साधकों और शिष्यों की वेशभूषा को लेकर नए नियम लागू किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, आश्रम की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रहे रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध मौत के बाद यह बदलाव किए जाने की बात कही जा रही है। वायरल वीडियो के अनुसार, अब सभी शिष्यों के लिए सफेद या पीला अचला पहनना जरूरी नहीं होगा। गृहस्थ जीवन जीने वाले या ठेला, दुकान सहित किसी अन्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को सामान्य कपड़े या कुर्ता-पायजामा पहनने को कहा गया है।
वहीं, आश्रम की सेवा और केली कुंज की व्यवस्था में लगे विरक्त शिष्यों के लिए सफेद वस्त्र पहनने की बात कही जा रही है। प्रेमानंद महाराज से जुड़े कई लोगों ने भी सोशल मीडिया पर इस जानकारी को साझा किया है।
आश्रम की ओर से ड्रेस कोड में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। संबंधित ट्रस्ट या किसी अधिकृत व्यक्ति की पुष्टि के अभाव में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ये नियम वास्तव में लागू किए गए हैं या नहीं। इसके अलावा आने वाले समय में दीक्षा लेने वाले लोगों और नए शिष्यों के लिए भी नियमों में बदलाव की चर्चा है। हालांकि, इन दावों की भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।