रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ के तीसरे ही दिन बड़ा विवाद हो गया। सिवेत तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच विवाद हाथापाई तक पहुंच गया, जिसके बाद मेकर्स ने सिवेत को शो से बाहर कर दिया। फैसले के विरोध में स्वरा भास्कर और करण पटेल ने भी शो से वॉकआउट कर दिया।
Knews Desk – एमएक्स ओरिजिनल और प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में तीसरे दिन हुए विवाद ने शो के समीकरण बदल दिए हैं। कभी एक साथ गेम प्लान करने वाले सिवेत तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच रंजिश इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई और हिंसा तक पहुंच गया। शो के नियमों के तहत हिंसा की मनाही है, जिसके चलते मेकर्स ने सिवेत तोमर को तत्काल प्रभाव से शो से बाहर कर दिया।
सिवेत तोमर इससे पहले भी टीवी और सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके हैं। देहरादून के रहने वाले सिवेत ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी। साल 2018 में उन्होंने ‘मिस्टर देहरादून’ का खिताब जीता। इसके बाद उन्हें एमटीवी के यूथ रियलिटी शो ‘रोडीज: कर्म या कांड’ से पहचान मिली, जहां वह फर्स्ट रनर-अप रहे।
इसके बाद सिवेत ‘एमटीवी स्प्लिट्सविला 15’ यानी X5 में नजर आए। शो में उनके गेम और लव एंगल को लेकर काफी चर्चा हुई। वह रियलिटी शो ‘द 50’ का भी हिस्सा रह चुके हैं। अपनी मस्कुलर बॉडी, बेबाक अंदाज और विवादों के चलते सिवेत रियलिटी टीवी का जाना-पहचाना चेहरा बन चुके हैं।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
शो के तीसरे एपिसोड में विवाद की शुरुआत पेंटहाउस के रूलर्स के बीच ‘अल्टीमेट रूलर’ की रेस से हुई। इस रेस में रूलर्स को आपसी सहमति से सबसे कमजोर फैसला लेने वाले एक सदस्य को बाहर करना था। वोटिंग के दौरान कई सदस्यों ने सिवेत तोमर को कमजोर बताया। इससे सिवेत नाराज हो गए।
सिवेत का सबसे ज्यादा गुस्सा शहजाद पूनावाला पर निकला। दोनों ने गेम में एक-दूसरे का साथ देने का वादा किया था। सिवेत ने शहजाद पर आरोप लगाते हुए उन्हें ‘फट्टू आदमी’ कहा और कहा कि वह पीठ पीछे साथ देने की बात करते हैं। सिवेत ने शहजाद और तेज प्रताप यादव की ओर इशारा करते हुए भी सख्त लहजे में अपनी बात रखी।
इसके बाद सिवेत को अल्टीमेट रूलर की रेस से बाहर कर दिया गया। हालांकि, उन्हें बदले में एक रूलर को बाहर करने की ताकत मिली और उन्होंने शहजाद का नाम ले लिया। इसके बाद दोनों के बीच चल रही जुबानी जंग और बढ़ गई।
शहजाद से भिड़े सिवेत
विवाद उस समय और बढ़ गया जब सिवेत, जिन्होंने पहले स्वरा भास्कर से बात नहीं करने का फैसला किया था, उनसे बातचीत करते नजर आए। शहजाद ने सिवेत के बदलते समीकरण पर टिप्पणी की, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
बहस के दौरान सिवेत ने अपना आपा खो दिया और शहजाद की गर्दन पकड़कर उन्हें नीचे गिरा दिया। झड़प के दौरान शहजाद के कपड़े फट गए और उन्हें चोटें भी आईं। शो में हिंसा पर रोक होने के कारण मेकर्स ने सिवेत को नियम तोड़ने के आरोप में तत्काल प्रभाव से एविक्ट कर दिया।
सिवेत के समर्थन में स्वरा और करण का वॉकआउट
सिवेत के एविक्शन के बाद विवाद और बढ़ गया। स्वरा भास्कर और करण पटेल ने मेकर्स के फैसले का विरोध किया। दोनों का कहना था कि विवाद की शुरुआत में शहजाद की भूमिका भी थी और केवल सिवेत के खिलाफ कार्रवाई करना सही नहीं है।
मेकर्स के फैसले के विरोध में स्वरा और करण ने भी सिवेत के साथ टावर छोड़ने का ऐलान कर दिया। इस तरह शो के तीसरे ही दिन तीन खिलाड़ियों के बाहर होने से पूरे गेम का समीकरण बदल गया।
वीरेंद्र सहवाग इस सीजन को होस्ट कर रहे हैं। अब देखना होगा कि मेकर्स आगे इस विवाद पर क्या फैसला लेते हैं और क्या इन खिलाड़ियों की शो में वापसी होती है या ‘राइज एंड फॉल’ का गेम नए खिलाड़ियों और नए समीकरणों के साथ आगे बढ़ता है।