सरकारी अस्पताल में जन्मे बच्चों को मिलेगी 1 ग्राम सोने की अंगूठी, तमिलनाडु में CM विजय ने शुरू की खास योजना

तमिलनाडु सरकार ने नवजात बच्चों के लिए ‘थाई मामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ योजना शुरू की है। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों और सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। योजना का औपचारिक शुभारंभ मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार, 28 सितंबर को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में किया।

Knews Desk– सरकार ने इस योजना का लाभ 22 जून 2026 से सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को देने का फैसला किया है। यानी योजना के औपचारिक शुभारंभ से पहले जन्मे पात्र नवजात भी इसके दायरे में शामिल होंगे।

शुरुआती चरण में वितरण के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियां खरीदी गई हैं। प्रत्येक अंगूठी पर अलग सीरियल नंबर होगा और इसे छेड़छाड़ से सुरक्षित पैकेजिंग में लाभार्थियों को दिया जाएगा। सरकार के मुताबिक, इस योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में प्रसव को बढ़ावा देने के साथ लोगों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा मजबूत करना है।

योजना का नाम तमिल परंपरा में प्रचलित ‘थाई मामन सीर’ से प्रेरित है। इस परंपरा में बच्चे के जन्म के अवसर पर उसके मामा की ओर से उपहार देने की परंपरा रही है। सरकार का कहना है कि इस पहल के जरिए सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों का स्वागत करने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

योजना का लाभ लेने के लिए बच्चे का जन्म तमिलनाडु के सरकारी अस्पताल या सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में होना जरूरी है। बच्चे की मां का तमिलनाडु की स्थायी निवासी होना भी अनिवार्य है। इसके अलावा मां का गर्भावस्था एवं शिशु निगरानी प्रणाली यानी PICME में पंजीकरण और प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य यानी RCH आईडी होना जरूरी है।

22 जून से 27 सितंबर के बीच सरकारी अस्पतालों में जन्मे पात्र बच्चों को अंगूठियां वितरित करने के लिए राज्य में 107 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से पहले से जन्मे पात्र बच्चों को अंगूठियां दी जाएंगी। प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन करीब 100 बच्चों को अंगूठी देने की व्यवस्था की गई है। वहीं योजना शुरू होने के बाद सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को अस्पताल से छुट्टी के समय ही सोने की अंगूठी दी जाएगी।

तमिलनाडु सरकार ने योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। सरकार की योजना पूरे साल करीब 4.41 लाख एक ग्राम की 22 कैरेट सोने की अंगूठियां वितरित करने की है। मुख्यमंत्री विजय ने मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में 25 नवजात बच्चों को अंगूठियां देकर योजना की शुरुआत की। हालांकि, मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के चलते वहां योजना का शुभारंभ फिलहाल नहीं किया जाएगा।

सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु में हर साल करीब 7.8 लाख बच्चों का जन्म होता है। इनमें लगभग 4.20 लाख यानी करीब 53 फीसदी प्रसव सरकारी अस्पतालों में होते हैं। सरकार का लक्ष्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव को बढ़ावा देने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *