Bank Strike: 28 सितंबर से होने वाली हड़ताल स्थगित, IBA-UFBU में बनी सहमति

Knews Desk– बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 28 सितंबर से शुरू होने वाली तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के बीच रविवार रात हुई बातचीत के बाद हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति बनी। इसके बाद सोमवार यानी 28 सितंबर से बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे और ग्राहकों को शाखाओं में नियमित बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।दरअसल, UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था। यह हड़ताल बैंकिंग सेक्टर की हाफ-ईयरली क्लोजिंग के समय होनी थी। कर्मचारियों और अधिकारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना भी शामिल था। हड़ताल की वजह से देशभर में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका थी। अब बातचीत के बाद इसे टाल दिया गया है। हड़ताल टलने की सबसे बड़ी वजह बैंक कर्मचारियों की पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की मांग पर आगे बातचीत के लिए बनी सहमति है। IBA और UFBU मिलकर एक हाई-लेवल कमेटी बनाएंगे। यह कमेटी बाकी शनिवारों को बैंक कर्मचारियों के लिए छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार करेगी। इसके साथ ही सभी संबंधित पक्षों से बातचीत करके ऐसा समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी, जो बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ ग्राहकों के लिए भी स्वीकार्य हो।

फिलहाल बैंकों में हर महीने दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है, जबकि पहले और तीसरे शनिवार को सामान्य तौर पर बैंक खुले रहते हैं। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने पर शनिवार और रविवार दोनों दिन साप्ताहिक अवकाश हो सकते हैं, लेकिन अभी इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। हाई-लेवल कमेटी इस मुद्दे पर आगे विचार करेगी। इसके अलावा बैंक अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम को लेकर भी चर्चा आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है। IBA इस योजना में बदलाव का प्रस्ताव सरकार के सामने रखने के लिए बातचीत कर सकता है। मार्च 2024 में हुई चर्चाओं से जुड़े बाकी लंबित मुद्दों पर भी तेजी से समाधान निकालने के लिए दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी रखने की बात कही गई है।

UFBU ने IBA से मिले आश्वासन के बाद अपने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को टालने का फैसला किया। इसका सीधा फायदा बैंक ग्राहकों को मिला है। पहले 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिनों तक बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना थी। अब इन तारीखों पर बैंक सामान्य कामकाज करेंगे। ग्राहकों के लिए खास तौर पर यह राहत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हड़ताल का समय सितंबर महीने के अंत और बैंकिंग सेक्टर की छमाही क्लोजिंग के दौरान पड़ रहा था। ऐसे में चेक प्रोसेसिंग, कैश से जुड़े काम, बैंक शाखाओं में दस्तावेज जमा करने और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए ग्राहकों को परेशानी हो सकती थी। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग सामान्य तौर पर उपलब्ध रहतीं, लेकिन शाखा से जुड़े काम प्रभावित हो सकते थे।अब 28 सितंबर से 30 सितंबर के बीच बैंक ग्राहकों के लिए सामान्य रूप से खुले रहेंगे। पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग पर आगे क्या फैसला होता है, यह हाई-लेवल कमेटी की बातचीत और संबंधित पक्षों के बीच सहमति पर निर्भर करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *