बिग बॉस 20 के तीसरे वीकेंड का वार में सलमान खान ने रीति तिवारी की भाषा और टास्क के दौरान उनके व्यवहार को लेकर उन्हें जमकर फटकार लगाई। साथ ही उन्होंने रीति के ग्रुप के सदस्यों को भी उनकी हरकतों पर चुप रहने और उन्हें चीयर करने के लिए जिम्मेदार ठहराया।
Knews Desk -बिग बॉस 20 के तीसरे वीकेंड का वार में सलमान खान ने रीति तिवारी के व्यवहार और उनके कारनामों का हिसाब-किताब किया। एपिसोड 21 में सलमान खान ने रीति की भाषा को लेकर उन्हें फटकार लगाई। इसके साथ ही उन्होंने रीति के ग्रुप में मौजूद यंग डीएसए, स्काउट, आसिफ खान समेत अन्य सदस्यों को भी उनकी हरकतों पर रोक नहीं लगाने और डिस टास्क के दौरान उन्हें चीयर करने को लेकर सवाल किए।
सलमान खान ने रीति के काजी तौकीर के साथ हुए विवाद को लेकर भी बात की। उन्होंने काजी के गाली-गलौच के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करने और उदिती सिंह के लिए स्टैंड लेने की तारीफ की। सलमान ने कहा कि काजी ने जिस तरह अपनी बात रखी, वह सही था।
सलमान खान ने रीति के पूरे ग्रुप को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आम्रपाली दुबे, मैरी कॉम, आसिफ, स्काउट समेत ग्रुप के अन्य सदस्यों से कहा कि वे रीति को चीयर कर रहे थे। सलमान के मुताबिक इसी वजह से रीति को यह एहसास नहीं हुआ कि वह किस दिशा में जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रुप के लोग उस वक्त डिस टास्क का मजा ले रहे थे और रीति की हरकतों को बढ़ावा दे रहे थे।
सलमान खान ने रीति को समझाते हुए अपनी जिंदगी का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि वह ऐसे परिवारों को जानते हैं, जहां लोगों ने परेशानियों और तलाक जैसी परिस्थितियों के बाद अपनी जिंदगी दोबारा बनाई है। सलमान ने रीति से कहा कि उन्हें खुद के अंदर झांककर यह देखना होगा कि वह अपनी जिंदगी की यात्रा को आगे किस दिशा में ले जाना चाहती हैं।
सलमान ने कहा कि गलतियां सभी से होती हैं और उन्होंने खुद भी कम उम्र में ऐसी गलतियां की हैं। इसी दौरान उन्होंने कहा, “मैं क्या आपको लेक्चर दे रहा हूं इसके ऊपर, मैं जब नौजवान था तो मैंने भी ये सब चीजें की हैं।”
सलमान ने आगे कहा कि उन्होंने अपनी गलतियों से बहुत कुछ सीखा और वह नहीं चाहते कि रीति को भी जिंदगी में मुश्किल रास्तों से सीखना पड़े। उन्होंने रीति को अपनी गलतियों से सबक लेने और आगे बेहतर तरीके से बढ़ने की सलाह दी।
सलमान खान की फटकार और समझाइश के बाद रीति तिवारी ने अपनी गलती के लिए माफी मांगी। वीकेंड का वार के इस एपिसोड में रीति के साथ-साथ उनके ग्रुप के सदस्यों को भी सलमान की खरी-खरी सुननी पड़ी।