The Vvaan Box Office: सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ने 2 दिन में कमाए 25 करोड़, रविवार के कलेक्शन पर नजर

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ यानी ‘द Vvaan’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में दर्शकों की दिलचस्पी के संकेत दे दिए थे। अब शुरुआती दो दिनों में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक कमाई दर्ज की है। इस फिल्म के जरिए सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी अलग जॉनर में कदम रखा है। वहीं तमन्ना भाटिया की फैन फॉलोइंग का भी फिल्म को फायदा मिलता नजर आ रहा है।

Knews Desk – सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की जोड़ी के अलावा फिल्म का धार्मिक महत्व भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी वजह से फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता देखने को मिल रही है। अब फिल्म के पहले वीकेंड का आखिरी दिन यानी रविवार काफी अहम माना जा रहा है। फिलहाल दो दिनों के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आंकड़े सामने आ चुके हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, ‘द Vvaan’ ने रिलीज के पहले दिन भारत में नेट कलेक्शन के आधार पर 8 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली और इसने 11.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस तरह दो दिनों में फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 19.25 करोड़ रुपये हो गया है।

ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने भारत में दो दिनों में करीब 22.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं ओवरसीज मार्केट से फिल्म को करीब 2.25 करोड़ रुपये मिले हैं। इस तरह फिल्म का दो दिनों का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 25.15 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

फिल्म के बजट की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘द Vvaan’ का बजट अधिकतम 130 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म को अपनी लागत निकालने के लिए आगे के दिनों में कलेक्शन की रफ्तार बनाए रखनी होगी। अभी रविवार का कलेक्शन सामने आना बाकी है, जिसके बाद फिल्म के पहले वीकेंड की स्थिति ज्यादा स्पष्ट होगी।

‘द Vvaan’ का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा और अरुनभ कुमार ने मिलकर किया है। फिल्म का निर्माण एकता कपूर ने संयुक्त रूप से किया है। करीब 2 घंटे 45 मिनट लंबी इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। अब देखने वाली बात होगी कि रविवार के बाद वीकडेज में फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कितनी कामयाब रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *